लालू यादव की ईडी पूछताछ: अफसरों को हड़काया भी, हंसाया भी

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव
पटना। लैंड फॉर जॉब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच के तहत राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से पूछताछ की जा रही है। इससे पहले मंगलवार को ईडी ने उनकी पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी व बेटे तेज प्रताप यादव से घंटों तक सवाल-जवाब किए थे। आज लालू यादव से पूछताछ का दौर जारी है, जहां उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में अफसरों को कभी झिड़का तो कभी हंसा भी दिया।

ईडी की रणनीति, लालू के जवाब से गर्माया माहौल

सूत्रों के मुताबिक, ईडी ने लालू यादव से वही तरीका अपनाया जो राबड़ी देवी और तेज प्रताप के साथ अपनाया था—अलग-अलग सवाल पूछकर जवाबों का मिलान करना। जब उनसे ज़मीन के स्रोत को लेकर सवाल किया गया, तो लालू ने चुटकी लेते हुए कहा, “राबड़ी मैडम मेरी बॉस हैं, जो उन्होंने कहा, वही सही है। पत्नी की बात हमेशा सही होती है, है ना?” लालू के इस जवाब पर ईडी अफसर मुस्कुरा उठे।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सूत्रों के अनुसार, जब पूछताछ के दौरान ईडी अफसरों ने कुछ तीखे सवाल किए, तो लालू यादव ने पलटकर कहा, “हम प्रधानमंत्री बनाते थे, हमको नहीं पता कि ईडी-सीबीआई को कौन चलाता था? ऐसा नहीं है कि मोदीजी हमेशा पीएम रहेंगे। याद रखिए, हमारी भी सरकार बन सकती है।” लालू के इस जवाब से पूछताछ का माहौल कुछ देर के लिए गर्मा गया, लेकिन अफसरों ने स्थिति को संभाला।

पूछताछ के विरोध में सड़कों पर उतरे राजद कार्यकर्ता

ईडी दफ्तर के बाहर राजद समर्थकों ने जोरदार प्रदर्शन किया, नारेबाजी की। उधर, बिहार विधानसभा के बाहर भी राजद विधायकों ने लालू परिवार से ईडी की पूछताछ को लेकर विरोध जताया। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा, “हमें डराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं।”

सीबीआई द्वारा दाखिल चार्जशीट के अनुसार, 2004-2009 के बीच जब लालू यादव रेल मंत्री थे, तब रेलवे की ग्रुप-डी नौकरियों के बदले जमीन ली गई। इस मामले में मुंबई, जबलपुर, कोलकाता, जयपुर और हाजीपुर समेत कई रेलवे जोन की संपत्तियों का जिक्र किया गया है। चार्जशीट में लालू परिवार के 5 सदस्य—राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, तेज प्रताप, मीसा भारती और हेमा यादव—को भी आरोपी बनाया गया है।

मजाकिया लहजे में बोले लालू, ये सब राजनीतिक साजिश

लालू यादव के बढ़ते राजनीतिक अनुभव और उम्र को देखते हुए ईडी अफसरों ने संयम बनाए रखा। जब भी माहौल गर्म हुआ, उन्होंने लालू से पानी पीने का आग्रह किया और मुद्दे पर वापस लौटने की अपील की। लालू भी अपनी हाजिरजवाबी और मजाकिया लहजे से माहौल हल्का करने की कोशिश करते रहे। पूछताछ का यह सिलसिला अभी जारी है, लेकिन राजद इसे एक राजनीतिक साजिश करार दे रहा है।

Share This Article