सिटी पोस्ट लाइव : आज बिहार विधान सभा सत्र के हंगामेदार होने की संभावना है.आज सोमवार को एक बार फिर से लॉ एंड ऑर्डर के मुद्दे पर विपक्ष सरकार को घेरेगा. पटना में शनिवार को दिनदहाड़े प्राइवेट हास्पिटल की संचालिका की हत्या को लेकर विपक्ष जोरदार हंगामा करेगा.बजट सत्र के दौरान लॉ एंड ऑर्डर के मुद्दे पर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है.आज विधान सभा में ध्यानाकर्षण के तहत जल संसाधन विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग और स्वास्थ्य विभाग की ओर से सवालों के जवाब दिए जाएंगे. बिहार विधान परिषद में भी प्रश्नोत्तर काल के अलावा 2025 के बजट, बाल कल्याण बजट, जेंडर बजट, हरित बजट की पुस्तिका रखी जाएगी. साथ ही प्रदेश के वार्ड पार्षदों के मानदेय में बढ़ोतरी पर भी चर्चा हो सकती है.
विश्वविद्यालयों में वित्तीय अनियमितताओं की फिर से जांच कराने की मांग भी उठ सकती है. साथ ही राज्य के अल्पसंख्यक विद्यालयों के शिक्षकों को सरकारी शिक्षकों के समान वेतनमान देने के सवाल पर सरकार अपना पक्ष रखेगी.इससे पहले बिहार विधानसभा में शुक्रवार को नीतीश के राष्ट्रगान के अपमान करने के मुद्दे पर जोरदार हंगामा हुआ था. सदन के अंदर और बाहर विपक्ष ने पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया था. कार्यवाही शुरू होने से पहले RJD ने CM नीतीश कुमार से इस्तीफे की मांग की थी. सदन के बाहर पोर्टिको में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी हाथ में बैनर लिए खड़े दिखे थे.
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा था कि- ‘बिहार के लिए कल काल दिवस था. PM मोदी के लाडले CM ने राष्ट्रगान का अपमान किया है. लाडले CM पर PM क्या कहेंगे. भारत माता की जय करने वाले बीजेपी के दोनों डिप्टी CM गायब हैं.’कल हम सब का सिर शर्म से झुक गया है. इंडिया की राजनीति में पहली ऐसी घटना है, जहां राष्ट्रगान का अपमान हुआ है. PM मोदी ने एक ट्वीट तक नहीं किया. CM नीतीश कुमार को रिटायरमेंट ले लेना चाहिए. राष्ट्रगान को अपमान करने वाले को तीन साल की सजा होती है.’