सिटी पोस्ट लाइव
डुमरांव। बिहार दिवस 2025 के अवसर पर “उन्नत बिहार, विकसित बिहार” थीम के तहत अनुमंडल प्रशासन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता का समापन सोमवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन में पेंटिंग, वाद-विवाद, चित्रकला, क्विज और रंगोली जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेताओं के नामों की घोषणा कर उन्हें पुरस्कृत किया गया।
समारोह में डुमरांव के बीडीओ संदीप कुमार पांडेय, नगर परिषद की चेयरपर्सन सुनीता गुप्ता, शिक्षा विभाग के डीपीओ रजनीश कुमार उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन, रेडक्रॉस के सचिव मोहनजी गुप्ता, चेयरपर्सन प्रतिनिधि सुमित गुप्ता सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इन सभी ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता का परिणाम
- कक्षा 5 से 7: मो. रोज्जादिन (प्रथम), मो. दिलशाद (द्वितीय), राबिया खातून (तृतीय)
- कक्षा 8 से 12: सरस्वती कुमारी (प्रथम), अमन भगत (द्वितीय), नगमा खातून (तृतीय)
इस अवसर पर बीडीओ संदीप कुमार पांडेय ने कहा कि बिहार के विकास में सभी नागरिकों की भागीदारी आवश्यक है और छात्रों को अपनी शिक्षा एवं ज्ञान का उपयोग समाज के उत्थान में करना चाहिए। नगर परिषद की चेयरपर्सन सुनीता गुप्ता ने भी छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत और लगन से वे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज प्लस टू उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अनुराग मिश्र ने की, जबकि मंच संचालन शिक्षक पूर्णानंद मिश्र द्वारा किया गया।
इस आयोजन में प्रखंड परियोजना प्रबंधक निर्भय कुमार, प्रखंड साधन सेवी, शिक्षक मो. सनौवर अंसारी, नवनीत कुमार, निर्भय सिंह, उपेन्द्र पाठक, धीरज धुरंधर पांडेय, अशोक कुमार, कृष्ण कुमार पांडेय सहित कई अन्य शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।