सिटी पोस्ट लाइव
नालंदा। जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र से एक विवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। लख्कीचक गांव की निवासी शोभा देवी, जो 2016 में शादी के बाद से अपने ससुराल में रह रही थी, अचानक रहस्यमयी तरीके से गायब हो गई है। पीड़िता के माता-पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, दूसरी शादी करने और हत्या कर शव को ठिकाने लगाने का आरोप लगाया है।
गोगडीपर गांव निवासी रुदल यादव ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी नितीश यादव से कराई थी और दहेज में तीन लाख रुपये नकद, दो भैंस, एक लाख रुपये के गहने, कपड़े और फर्नीचर दिया था। शुरू के दो साल तक सब ठीक रहा, लेकिन फिर पांच लाख रुपये की अतिरिक्त मांग को लेकर शोभा पर अत्याचार बढ़ने लगा।

पिता को ससुराल में नहीं मिली बेटी, गाली-गलौज कर भगाया
पीड़िता के पिता रुदल यादव ने आरोप लगाया कि नितीश यादव ने 2020 से पहले दिल्ली में दूसरी शादी कर ली थी, जिसके बाद से शोभा पर दहेज के लिए दबाव और हिंसा बढ़ गई थी। 5 फरवरी 2025 को जब वे अपनी बेटी से मिलने पहुंचे, तो वह ससुराल में नहीं मिली। पूछने पर ससुराल वालों ने गाली-गलौज की और उन्हें धमकाकर भगा दिया।
शोभा की मां रीता देवी ने बताया कि उन्होंने नूरसराय थाना में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। मजबूर होकर उन्होंने न्याय के लिए नालंदा कोर्ट में मामला दायर किया है। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपी पक्ष का समर्थन कर रही है और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर रही।

नूरसराय थाना अध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि शिकायत की जांच में आरोप गलत पाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि ससुराल पक्ष को फंसाकर पांच लाख रुपये वसूलने की साजिश की जा रही है। मामले की गहराई से जांच की जाएगी और सत्यता की पुष्टि होने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।