सिटी पोस्ट लाइव
पटना। राजधानी पटना के ऐतिहासिक संग्रहालय में अचानक हुए धमाके से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि यह विस्फोट म्यूजियम परिसर में रखे एक पुराने फायर सेफ्टी सिलेंडर के फटने से हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोग घबरा गए और संग्रहालय में काम कर रहे कर्मचारी भी तुरंत बाहर निकल आए। धमाके के कारण म्यूजियम की दीवारों में दरारें पड़ गईं और शीशे के दरवाजे पूरी तरह टूट गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि संग्रहालय परिसर में लंबे समय से बिना देखरेख के रखे गए पुराने फायर सिलेंडर में गैस लीकेज या अत्यधिक दबाव के कारण विस्फोट हुआ। अग्निशमन विभाग ने एहतियातन अन्य पुराने सिलेंडरों को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद प्रशासन ने म्यूजियम प्रबंधन को सुरक्षा उपायों की पुनः समीक्षा करने का निर्देश दिया है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।