सिटी पोस्ट लाइव : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एकबार फिर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है.उन्होंने गया में कहा कि प्रदेश भ्रष्टाचार की गंगोत्री बह रही है. यहां सभी वर्ग के लोग डबल इंजन की सरकार से परेशान हैं. किसान से लेकर नौजवान तक परेशान हैं. बिहार बेरोजगारी एवं गरीबी के मामले में अव्वल बनता जा रहा है. साथ ही महंगाई की मार से लोग परेशान हैं. कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम में शामिल होने से पहले गया परिसदन में गुरुवार को पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि कार्यक्रम में पहली बार पंचायत से लेकर जिलास्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद किया जाएगा.
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा, आज नीतीश कुमार की सरकार में किसानों को बीज और उर्वरक नहीं मिल रहा है. पेपर लीक से छात्र परेशान हैं. हमारी सरकार में पटना के गांधी मैदान में छात्रों के बीच नियुक्ति पत्र वितरण किया गया. अब नीतीश कुमार की सरकार में वहां छात्रों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं. तेजस्वी ने कहा, 17 महीने के कार्यकाल में युवाओं के चेहरे पर खुशी और उम्मीद दिखने लगी थी. पहली बार जातीय गणना हुई, आरक्षण की सीमा बढ़ाई गई। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा में सरकारी राशि का उपयोग किया जा रहा है. यात्रा में दो अरब 25 करोड़ 78 लाख रुपये खर्च किया जा रहा है.
तेजस्वी यादव ने पशुपति पारस (Pashupati Paras) को लेकर कहा कि पशुपति कुमार पारस से पुराना और पारिवारिक रिश्ता है. मकर संक्रांति पर लालू यादव (Lalu Yadav) अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) के साथ पारस के आवास पर गए थे और दही-चूड़ा भोज में शामिल हुए थे.इस दौरान जब पूछा गया कि क्या पशुपति पारस महागठबंधन में शामिल होंगे, तो लालू ने सीधा जवाब दिया- हां. वहीं, पशुपति पारस ने कहा कि लालू यादव हमारे अभिभावक हैं.पटना में मरीन ड्राइव के किनारे लगे जन सुराज के कैंप पर तेजस्वी यादव ने कहा कि सबको अधिकार है. प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए कहा कि पीछे महात्मा गांधी की फोटो लगाकर शराबबंदी खत्म करने की बात करते हैं.