सिटी पोस्ट लाइव : बिहार में मौसम के मिजाज में तेजी से बदलाव आ रहा है. सुबह-शाम हल्की सर्दी महसूस हो रही है.दोपहर में तेज धूप निकलने की वजह से लोगों को गर्मी का अहसास हो रहा है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 72 घंटों में अधिकतम में तीन से चार डिग्री और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री वृद्धि होने की संभावना है.पछुआ के कारण सुबह-शाम मौसम शुष्क होने के साथ गुलाबी ठंड का प्रभाव बना रहेगा.
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में इराक के आसपास और दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में मौजूद है .लेकिन इसका प्रभाव प्रदेश में नहीं दिखेगा.बीते 24 घंटों के दौरान पटना समेत 25 शहरों के न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई. पटना का न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस, जबकि 11.9 डिग्री सेल्सियस के साथ बांका में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.पटना का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 33.5 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.
प्रदेश का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस से लेकर 32.6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस से 18.7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.पटना सहित आसपास इलाकों का मौसम शुष्क बना हुआ है.जिले में गेहूं की फसल पर मौसम की प्रतिकूलता का खतरा मंडरा रहा है. तेज धूप और बढ़ते तापमान से फसल को नुकसान हो रहा है, जिसके चलते बाली का आकार छोटा रह रहा है और दाने पुष्ट नहीं हो पाएंगे. इससे उत्पादन में कमी और दानों का वजन घटने की आशंका है, जिसने किसानों की चिंता बढ़ा दी है.