क्या तेजस्वी यादव और राजद का बड़ा नुकसान कर गए शक्ति सिंह यादव?

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
पटना :
आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के करीबी माने जाने वाले शक्ति सिंह यादव ने आज ऐसा बयान दे दिया है जिसे बीजेपी और जदयू अभी से लेकर चुनाव तक लगातार भुनाएगी। विश्लेषकों की मानें, तो इससे पोलराइज़ेशन होगा और आखिरकार फ़ायदा एनडीए को मिलेगा। दरअसल, शक्ति यादव ने आज पहलगाम नरसंहार के बाद कहा है कि ऐसा लग रहा है कि पहलगाम घटना की स्क्रिप्ट पहले से लिखी गयी थी. पहलगाम घटना से साजिश की बू आ रही है. दरअसल शक्ति यादव ने बिहार की धरती से पीएम मोदी के आतंकियों को दिए कड़े संदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए ऐसा विवादित बयान दिया है. तेजस्वी यादव के करीबी शक्ति यादव ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि पहलगाम घटना की स्क्रिप्ट पहले से लिखी गयी थी. शक्ति यादव के इस बयान के बाद वही हो रहा है जिसका डर राजद के वरिष्ठ नेताओं को सता रहा है। बीजेपी की ओर से शक्ति यादव के बयान को तेजस्वी यादव का बयान कहा जा रहा है। बीजेपी कह रही है कि तेजस्वी के करीबी नेताओं में शुमार शक्ति यादव वही बोलते हैं जो तेजस्वी का इशारा होता है। बीजेपी प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा कि शक्ति यादव जो कुछ भी बयान देते हैं उसमें तेजस्वी यादव की हामी होती है, यानि शक्ति यादव जो कुछ भी कह रहे हैं समझिए वह तेजस्वी यादव बोल रहे हैं. अजय आलोक ने कहा कि अब लोगों को समझ लेना चाहिए कि तेजस्वी यादव और आरजेडी के लोगों की सोच कैसी है. जब पहलगाम घटना पर पूरा देश शोक में है तो आरजेडी के नेता ऐसे विवादित बयान दे रहे हैं. बीजेपी के नेता कह रहे हैं कि अपना अल्पसंख्यक वोट बैंक मज़बूत करने के लिए ये लोग जानबूझकर ऐसी बातें करते हैं, ताकि कट्टरपंथी ताकतें इनसे खुश हो जाएं और चुनाव में इन्हें वोट करें।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।
Share This Article