सिटी पोस्ट लाइव :बिहार में मौसम के मिजाज में आये अचानक बदलाव से लोगों ने राहत की सांस ली है. पटना में गुरुवार की सुबह जोरदार बारिश और ओले गिरे. मौसम सुहाना हो गया है. सुबह से बादल लगातार पटना में गरज रहे हैं.बिजली चमक रही है.बैसाख महीने में बारिश के इस तांडव से लोग हैरान हैं. मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं के कारण बिहार में गर्मी से राहत मिलेगी. अगले पांच दिनों तक हीट वेव का खतरा नहीं रहेगा. 1 और 2 मई 2025 को राज्य के सभी 38 जिलों में बारिश होगी.
2 मई से पश्चिमी हिमालय में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. यह जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को प्रभावित करने के बाद बिहार में भी मौसम बदलेगा. इस दौरान बिहार के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी. कुछ जगहों पर 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और गरज के साथ बारिश भी होगी.2 मई को दक्षिणी और पूर्वी बिहार (पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया) में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. उत्तरी बिहार (सीतामढ़ी, दरभंगा, सुपौल) में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. 3-5 मई तक पूर्वी और दक्षिणी बिहार में रुक-रुक कर बारिश हो सकती है.
पूर्वी बिहार (भागलपुर, मुंगेर, कटिहार, पूर्णिया, सहरसा) में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. दक्षिणी बिहार में हल्की से मध्यम बारिश होगी. गरज और बिजली भी चमक सकती है. उत्तरी बिहार में हल्की से मध्यम बारिश होगी और तेज हवाएं चलेंगी. पश्चिमी बिहार में हल्की बारिश होगी, लेकिन कुछ जगहों पर मध्यम वर्षा भी हो सकती है. 42 डिग्री सेल्सियस तक की भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलेगी. बारिश के कारण उमस बढ़ सकती है.