सिटी पोस्ट लाइव
पटना : केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने आज मोकामा पहुंचकर भगवान परशुराम की विधिवत पूजा-अर्चना की और देश व बिहार राज्य की समृद्धि और विकास की प्रार्थना की। मोकामा आगमन पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
पटना से मोकामा पहुँचने पर जेडीयू और भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का भव्य स्वागत करते हुए फूल-मालाओं और नारों से उनका अभिनंदन किया। स्थानीय लोगों और समर्थकों में भी उनके आगमन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
मंदिर प्रांगण में पूजा करने के बाद मीडिया से बात करते हुए ललन सिंह ने कहा कि बिहार सरकार भगवान परशुराम मंदिर और मोकामा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस पावन स्थल को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि मोकामा की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ, यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी विशेष योजनाएं लाई जाएंगी। उन्होंने स्थानीय जनता से भी विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पूजा और मंत्री के संबोधन में शामिल हुए।