सिटी पोस्ट लाइव
हाजीपुर, वैशाली – सोमवार की सुबह हाजीपुर शहर की नींद गोलियों की गूंज से टूटी। नगर थाना क्षेत्र के आर्य कॉलेज के पास, कार सवार अपराधियों ने 18 वर्षीय आदित्य कुमार की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक, औद्योगिक थाना क्षेत्र के छोटी यीशुपुर का रहने वाला था और राजकुमार शाह का पुत्र था।
घटना के बाद डायल 112 की टीम मौके पर तुरंत पहुंची और फरार हो रहे अपराधियों का पीछा किया। इसी दौरान अपराधियों ने अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से एक स्कूल बस में टक्कर मार दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इसके बावजूद अपराधी पुलिस की पकड़ से भाग निकले।
हत्या से पहले का तनाव: परिजनों ने बताया कि सुबह-सुबह आदित्य को उसके किसी दोस्त ने फोन कर बुलाया था। महज एक घंटे के भीतर परिजनों को पुलिस की ओर से कॉल आया, “आदित्य की गोली लगने से मौत हो गई है, अस्पताल आइए।”
जानकारी के अनुसार, आदित्य और अपराधियों के बीच 8 दिन पहले भी झगड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि उसी विवाद का बदला लेने के लिए इस मर्डर को अंजाम दिया गया।
नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है। अपराधियों की पहचान कर ली गई है, और फरारी के ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पुलिस ने मौके से स्विफ्ट डिजायर कार को जब्त किया है, जो आर्य कॉलेज के पास खड़ी मिली।