सिटी पोस्ट लाइव
लखीसराय। ज़िले के कबैया थाना क्षेत्र में सहरसा की एक युवती के साथ हुए सामूहिक यौन उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को हिरासत में लिया है। एसडीपीओ शिवम कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (SIT) ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने घटना स्थल से कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद की हैं, जो जांच में सहायक साबित हो सकती हैं।
कौन-कौन हैं आरोपी
गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान सन्नी कुमार, रमेश कुमार, शिबू कुमार, सूरज कुमार, धर्मेन्द्र कुमार और विकास कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी लखीसराय जिले के अमहरा और कबैया थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। वर्तमान में पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और अपराध से जुड़े अन्य तथ्यों को खंगाला जा रहा है।

कैसे दिया गया वारदात को अंजाम
एसपी अजय कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता सहरसा से ट्रेन द्वारा बेगूसराय स्थित अपने ननिहाल जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन में उसकी एक युवक से बातचीत हुई और जल्द ही दोनों में दोस्ती हो गई। युवक ने भरोसे में लेकर उसे लखीसराय तक ले आया। लखीसराय पहुंचने के बाद आरोपी युवक ने उसे देर रात तक शहर के कई हिस्सों में घुमाया।
इसी दौरान वह युवती को एक निजी होटल में भोजन कराने के बहाने ले गया और वहीं से अपने अन्य साथियों को बुला लिया। फिर सभी युवक पीड़िता को झाखर गांव ले गए, जहां पर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद पीड़िता को कबैया थाना क्षेत्र में छोड़ दिया गया, जहां से वह स्वयं थाने पहुंची और पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद एसआईटी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई : SP
एसआईटी की टीम अभी भी कुछ अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता द्वारा दिए गए बयानों के आधार पर अन्य संभावित आरोपियों की भी पहचान की जा रही है। वहीं, पुलिस द्वारा पकड़े गए एक आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वह अपने दोस्त के फोन पर झाखर गांव पहुंचा था, जहां यह घटना हुई।
इस घटना को लेकर प्रशासन बेहद गंभीर है। एसपी अजय कुमार ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।