सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में शराबबंदी के सख्त कानून के बावजूद तस्करों की जुगाड़बाजी और मुनाफाखोरी लगातार जारी है। इसी कड़ी में भोजपुर जिले के उत्पाद विभाग ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरा-बक्सर फोरलेन पर रतनपुर ओवरब्रिज के पास एक स्कॉर्पियो को रोक कर जांच की और उसमें से लगभग 6 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की।
यह कार्रवाई मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त रजनीश के निर्देशन में निरीक्षक राहुल कुमार दुबे के नेतृत्व में की गई। स्कॉर्पियो (नंबर JH02BF–8494) की तलाशी के दौरान इसमें से 1363 बोतल, कुल 450.540 लीटर विदेशी शराब पाई गई। जब्त की गई शराब में 8 PM Special Grain Blended Scotch Whisky (180ml) की 1003 बोतलें और Royal Stag Whisky (750ml) की 360 बोतलें शामिल हैं। शराब तस्करी के इस मामले में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कौशिक दुलारपुर निवासी रंजीत कुमार, जो कि तस्कर है, को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
सहायक आयुक्त रजनीश ने बताया कि तस्कर स्कॉर्पियो के माध्यम से शराब को उत्तर प्रदेश से छिपाकर भोजपुर लाने की कोशिश कर रहे थे। सूचना मिलते ही विशेष टीम गठित की गई, जिसने रतनपुर के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाकर इस भारी मात्रा में शराब को जब्त किया। इस कार्रवाई में सहायक अवर निरीक्षक रवि कुमार, रविंद्र कुमार यादव, उत्पाद सिपाही और सैप के जवान शामिल रहे। प्रशासन अब तस्करी के इस नेटवर्क की गहन जांच में जुट गया है ताकि इसके पीछे के अन्य तस्करों की भी पहचान की जा सके।