हर सड़क हादसे के पीछे छुपी है सरकार की नाकामी और पुलिस की बेपरवाही
सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के बाढ़ अनुमंडल स्थित मोकामा-पटना फोरलेन एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। मंगलवार को अथमलगोला थाना क्षेत्र के चंदा गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक पर सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकराने के कारण हुआ। मृतकों की पहचान मोकामा थाना क्षेत्र के कन्हाईपुर गांव निवासी राजा बाबू (25) और अनिकेत कुमार (23) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल से मोकामा से पटना की ओर जा रहे थे। चंदा गांव के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधा डिवाइडर से टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद फोरलेन पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने युवकों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि फोरलेन पर निर्माण कार्य अभी पूरी तरह पूरा नहीं हुआ है और जगह-जगह लगे पत्थर व ब्रांच रोड के कारण हादसे की संभावना बनी रहती है। तेज रफ्तार और सड़क पर अचानक आ जाने वाले अन्य वाहन भी दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण हैं।
स्थानीय थाना अध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों को सूचित कर शव सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस फोरलेन पर पिछले एक महीने में एक दर्जन से अधिक मौतें हो चुकी हैं, जिससे यह क्षेत्र एक खतरनाक एक्सीडेंट ज़ोन के रूप में सामने आया है।