: ‘सत्य की राह पर चलने वाले की हमेशा होती है जीत’, लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप का ट्वीट
सिटी पोस्ट लाइव : शनिवार की सुबह सुबह राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने एक नया पोस्ट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किया है। उन्होंने लिखा, ‘सत्य के मार्ग पर चलने वाला व्यक्ति होता है सदा विजयी। हमें सदैव सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए। सत्य का मार्ग कठिन अवश्य है, पर विजय सदा सत्य के मार्ग पर चलने वाले व्यक्ति की होती है। राजा हरीश चंद्र ने सत्य के मार्ग पर चलते हुए अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा को दोबारा प्राप्त किया। पाडवों ने सत्य के मार्ग पर चलते हुए कौरवों को युद्ध में हराया था।
इससे पहले तेज प्रताप ने बीते दिन एक और वीडियो पोस्ट साझा किया था। इसमें उन्होंने लिखा था, ‘हमारे सभी सपने साकार हो सकते हैं; यदि हममें उन्हें पूरा करने का साहस हो।इससे पहले तेज प्रताप ने बीते रविवार को सुबह-सुबह पांच बजकर 27 मिनट में ‘एक्स’ पर एक भावुक पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने अपने पिता और मां के लिए अपने प्यार और सम्मान का इजहार किया, जबकि अपने खिलाफ राजनीति करने वालों को भी सख्त संदेश दिया था। उन्होंने लिखा था, ‘मेरे प्यारे मम्मी पापा… मेरी सारी दुनिया बस आप दोनों में ही समाई है। भगवान से बढ़कर है आप और आपका दिया कोई भी आदेश। आप है तो सब कुछ है मेरे पास। मुझे सिर्फ आपका विश्वास और प्यार चाहिए न कि कुछ और। पापा आप नहीं होते तो न ये पार्टी होती और न मेरे साथ राजनीति करने वाले कुछ जयचंद जैसे लालची लोग। बस मम्मी पापा आप दोनों स्वस्थ और खुश रहे हमेशा।’