सिटी पोस्ट लाइव
बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना के तहत राज्यभर में 649 नए पुलों के निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है, जिससे परिवहन, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग के क्षेत्र में समावेशी विकास सुनिश्चित किया जा सके।
इन पुलों के निर्माण पर कुल अनुमानित लागत ₹2977.12 करोड़ आएगी। सभी जिलों को इस योजना में शामिल किया गया है, लेकिन पूर्वी चंपारण जिला सबसे आगे रहा है, जहां 54 नए पुलों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इनकी कुल लंबाई 1984.21 मीटर होगी और इस पर ₹205.74 करोड़ का खर्च अनुमानित है।
पटना में भी बनेंगे 14 नए पुल
राजधानी पटना में भी इस योजना के अंतर्गत 14 पुलों के निर्माण की योजना है, जिनकी कुल लंबाई 579.13 मीटर होगी। इस पर ₹72.03 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इस योजना से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क में सुधार होगा, जिससे किसानों को बाजारों तक आसानी से पहुंच मिल सकेगी। साथ ही, स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं तक लोगों की पहुंच भी सुगम होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और इसके माध्यम से राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास को मजबूती मिलेगी।