सिटी पोस्ट लाइव
भारतीय क्रिकेट टीम के दमदार बल्लेबाज रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज ने 8 जून को सगाई कर ली। यह रॉयल सगाई समारोह लखनऊ के एक फाइव-स्टार होटल ‘Centrum’ में आयोजित किया गया, जहां राजनीति और क्रिकेट जगत की कई जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। सगाई के दौरान जब रिंकू सिंह ने प्रिया सरोज को अंगूठी पहनाई, तो प्रिया भावुक हो गईं। रिंकू ने भी सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “नज़र न लगे”, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है। समारोह में प्रिया ने अपने हाथों में मेहंदी से रिंकू सिंह का नाम रचाया था, जो लोगों को खासा पसंद आ रहा है।
इस समारोह में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद जया बच्चन, BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार, पीयूष चावला, और यूपी रणजी टीम के कप्तान आर्यन जुयाल जैसे कई बड़े नाम शामिल हुए। परिवारजनों, पार्टी कार्यकर्ताओं और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में रिंकू और प्रिया ने अपने नए जीवन की शुरुआत की।
रिंकू सिंह जहां IPL और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने दमदार प्रदर्शन से चर्चा में रहते हैं, वहीं प्रिया सरोज देश की सबसे युवा सांसदों में शुमार हैं और लोकसभा में समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। दोनों के मिलन को लेकर फैंस में उत्साह है और सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं की बाढ़ आ गई है।