सिटी पोस्ट लाइव
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को नालंदा जिले के हरनौत बाजार पहुंचे, जहां उन्होंने जदयू के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय अनिल कुमार उर्फ विधायक जी के श्राद्ध कार्यक्रम में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने दिवंगत नेता के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और लगभग 10 मिनट तक कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहकर स्व. अनिल कुमार की धर्मपत्नी प्रबीला देवी और पुत्र अंकित कुमार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जदयू के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। इस अवसर पर जदयू के सांसद कौशलेंद्र कुमार, एमएलसी व पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार, हिलसा विधायक प्रेम मुखिया, पूर्व विधायक ई. सुनील कुमार, पूर्व विधायक प्रदीप कुमार, जदयू जिलाध्यक्ष मो. अरशद समेत अनेक पार्टी नेता मौजूद रहे। प्रशासनिक स्तर पर भी कार्यक्रम में उच्च पदाधिकारी उपस्थित थे। पटना प्रमंडल आयुक्त, पटना डीएम, नालंदा डीएम कुंदन कुमार, एसपी भारत सोनी, बीडीओ उज्ज्वल कांत, नगर पंचायत के ईओ सौरभ सुमन सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
स्थानीय स्तर पर भी बड़ी संख्या में लोग इस श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल हुए। जदयू प्रखंड अध्यक्ष रविकांत कुमार, प्रवक्ता रौशन कुमार, स्वच्छता प्रबंधक बंटी कुमार, पार्षद प्रतिनिधि मिलन कुमार और वार्ड पार्षद प्रियंका कुमारी समेत सैकड़ों लोगों ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में नेता और जनता का यह समावेश स्व. अनिल कुमार की लोकप्रियता और जनसेवा के प्रति उनकी निष्ठा को दर्शाता है।