सिटी पोस्ट लाइव
मुंगेर जिले में मौसम के मिजाज के साथ गंगा में नाव संचालन को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। सीताकुंड गंगा घाट से एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें नाविकों द्वारा ओवरलोड नाव चलाने की घटना सामने आई है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बड़ी नाव में ट्रैक्टरों के साथ भूसा की बोरियां लदी हुई हैं, और नाव पर तीन दर्जन से ज्यादा लोग सवार हैं, जिनमें महिलाओं और बच्चों की संख्या भी अधिक है।
गंगा में तेज हवाओं और लहरों के बीच इस नाव का संचालन करना किसी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। नाव के ओवरलोड होने के कारण यह खतरे से खाली नहीं है, और इसमें सवार लोगों की जान भी जोखिम में है। जिला प्रशासन इस खतरे से बेखबर नजर आ रहा है।
सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार अभिषेक ने कहा कि गंगा में ओवरलोडिंग नाव के संचालन पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। आदेश भी जारी किया जा चुका है, और जो लोग इसके उल्लंघन में पाए जाएंगे, उन पर डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी नाविकों से अपील की है कि ओवरलोड नाव का संचालन न करें। संबंधित अंचलाधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि तत्काल नाव का संचालन बंद कराएं और आवश्यक कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा, जिला प्रशासन ने बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए कई कदम उठाए हैं। कटाव रोधी कार्य अंतिम चरण में हैं, राहत शिविरों का सत्यापन हो चुका है, और पशु चारा समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का आकलन भी कर लिया गया है। प्रशासन इस गंभीर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।