मोतिहारी में वंदे भारत ट्रेन का भव्य स्वागत, सौ बच्चों ने किया विशेष यात्रा अनुभव

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज “विकसित बिहार – विकसित भारत” के विजन के तहत सिवान से पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ऐतिहासिक मौके पर बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का भव्य स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व सांसद सह पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने किया।

इस अवसर पर राधा मोहन सिंह ने सौ बच्चों को ट्रेन यात्रा का विशेष अनुभव देने के लिए बापूधाम मोतिहारी से बगहा तक वंदे भारत ट्रेन में यात्रा टिकट उपलब्ध कराया। साथ ही, उन्होंने अपनी ओर से भी 20 अन्य यात्रियों को टिकट देकर ट्रेन यात्रा में शामिल कराया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राधा मोहन सिंह ने कहा कि भारतीय रेल केवल एक परिवहन साधन नहीं, बल्कि राष्ट्र की जीवनरेखा है जो लोगों को एक-दूसरे से जोड़ती है। उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेनों के माध्यम से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और विश्वस्तरीय रेल सुविधा मिल रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि केंद्र सरकार द्वारा 400 वंदे भारत ट्रेनों का निर्माण किया जा रहा है।

फिलहाल भाजपा शासन के दौरान बिहार में 12 वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं, जो राज्य के 15 जिलों को जोड़ती हैं और 22 प्रमुख स्टेशनों पर रुकती हैं। इसके अतिरिक्त देशभर में 200 ट्रेन सेवाएं, 100 अमृत भारत ट्रेनें और 50 नमो भारत रैपिडरेल सेवाएं यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस कार्यक्रम ने न केवल वंदे भारत ट्रेन की आधुनिकता और सुविधा को सामने रखा, बल्कि रेलवे के प्रति आम जनता का जुड़ाव और उत्साह भी दर्शाया।

Share This Article