भभुआ में सड़क हादसा: परीक्षा देकर लौट रहे तीन छात्रों को पिकअप ने रौंदा, एक की मौत, दो गंभीर घायल

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के कैमूर जिले के भभुआ में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। अटल बिहारी प्लस टू हाई स्कूल के पास तीन छात्र एक पिकअप वाहन की चपेट में आ गए, जिसमें एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मृतक छात्र की पहचान प्रिंस कुमार (18 वर्ष), पिता – वीरेंद्र धोबी, निवासी – सरैया गांव, भगवानपुर थाना क्षेत्र से हुई है। घायल छात्रों में अभिषेक कुमार (17 वर्ष), पिता – कन्हैया धोबी, सरैया गांव और पवन कुमार (17 वर्ष), पिता – गया धोबी, नौहट्टा गांव, बेलाव थाना शामिल हैं।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों छात्र इंटरमीडिएट की टेस्ट परीक्षा देकर पैदल लौट रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो घायलों को सदर अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर पवन कुमार को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सदर अस्पताल के सामने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे एसडीपीओ शिवशंकर कुमार, बीडीओ और सीओ ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि परिजनों को मुआवजा और अन्य सरकारी लाभ जल्द प्रदान किए जाएंगे।

घटना की सूचना मिलते ही भभुआ विधायक भरत बिंद अस्पताल पहुंचे और परिजनों को ढाढ़स बंधाया। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दुखद हादसा है और मृतक के परिजन को समुचित मुआवजा दिलाया जाएगा। वहीं, पुलिस ने पिकअप को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है। यह हादसा जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर एक गंभीर सवाल खड़ा करता है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां छात्र स्कूल या कॉलेज जाने के लिए पैदल यात्रा करते हैं।

Share This Article