पटना में ‘संविधान हत्या दिवस’, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने कांग्रेस को घेरा

Deepak Sharma

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी ने कांग्रेस और विपक्ष पर किया तीखा प्रहार

सिटी पोस्ट लाइव
25 जून 2025 को देशभर में आपातकाल (Emergency) की 50वीं वर्षगांठ ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मनाई गई। राजधानी पटना के अधिवेशन भवन में इस अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा, “बिहार लोकतंत्र की धरती है। कुछ घटनाएं समाज को चेतावनी देती हैं। 25 जून 1975 को लगाया गया आपातकाल लोकतंत्र की हत्या थी। उस दिन एक परिवारवाद मानसिकता ने तानाशाही रवैया अपनाया और भारत की संवैधानिक व्यवस्था को कुचलने का प्रयास किया।”

वहीं, सम्राट चौधरी ने कहा, “1 नवंबर 1949 को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने जो संविधान दिया, उसे ठीक 25 साल बाद 1975 में कुचल दिया गया। एक पार्टी ने 162 बार राष्ट्रपति शासन लगाया, ये लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी थी। आज भारत ‘मेक इन इंडिया’ के जरिए फिर से सोने की चिड़िया बनने की ओर बढ़ रहा है।”

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि “जिन लोगों ने जेपी आंदोलन से राजनीति की शुरुआत की, वे आज उन्हीं लोगों की गोद में बैठ गए हैं जिन्होंने लोकतंत्र को कुचला था।”

कार्यक्रम के दौरान आपातकाल पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। विजय सिन्हा ने कहा कि “इस डॉक्यूमेंट्री को आने वाली पीढ़ी को दिखाया जाएगा और बिहार सरकार की फिल्म नीति के तहत इसे अनुदान भी मिलेगा।” दोनों नेताओं ने यह भी दोहराया कि “एनडीए सरकार लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और संविधान को किसी कीमत पर कमजोर नहीं होने देगी।”

Share This Article