पटना से लड़कियों की तस्करी का बड़ा खुलासा: शादी के नाम पर राजस्थान-मध्यप्रदेश में लाखों में बेचा गया

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
पटना में मानव तस्करी से जुड़ा एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि शादी का झांसा देकर तीन नाबालिग लड़कियों को राजस्थान और मध्यप्रदेश में लाखों रुपये में बेच दिया गया। इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनसे पूछताछ में यह सनसनीखेज जानकारी सामने आई है।

पटना पुलिस की विशेष टीमों को राजस्थान और उत्तर प्रदेश भेजा गया है, जहां इन लड़कियों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पटना के एसएसपी कार्तिकेय एस. शर्मा ने पहले ही आशंका जताई थी कि यह एक संगठित मानव तस्करी रैकेट हो सकता है, जिसमें कई लड़कियां बाहर के राज्यों में बेची जा चुकी हैं।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इन तीन लड़कियों को शादी के नाम पर बहला-फुसलाकर ले जाया गया और फिर उन्हें लाखों रुपये में बेच दिया गया। पटना पुलिस, स्थानीय राज्य पुलिस के सहयोग से राजस्थान और मध्य प्रदेश में संभावित ठिकानों पर रेड कर रही है।

पुलिस को इस नेटवर्क में शामिल और भी लोगों की तलाश है, साथ ही अन्य लड़कियों के भी इसी गिरोह द्वारा तस्करी किए जाने की संभावना जताई जा रही है। यह मामला महिला सुरक्षा और मानव तस्करी रोकथाम के लिहाज़ से गंभीर चिंता का विषय बन गया है।

राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तेजी से कार्रवाई का निर्देश दिया है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही तीनों लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।

Share This Article