सिटी पोस्ट लाइव : अभीतक महागठबंधन और एनडीए के सहयोगी दलों के बीच सीटों का बटवारा नहीं हो पाया है.सूत्रों के अनुसार अभी भी सीटों की संख्या और सीटों के चयन को लेकर पेंच फंसा हुआ है.इस बीच जन सुराज पार्टी अपने उम्मीदवारों के नाम फाइनल करने में जोरशोर से जुटी हुई है.सोमवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की पहली बैठक में चरणबद्ध तरीके से चार से पांच विधानसभा प्रत्याशियों के नाम की घोषणा करने पर सहमति बनी. इसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने की. पार्टी जल्द ही 40 सुरक्षित सीटों पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा करेगी.
गौरतलब है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के मुद्दे पर एक प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग से मिलेगा. पार्टी का घोषणापत्र तैयार करने के लिए अधिवक्ता बसंत चौधरी की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है.समिति के अध्यक्ष पार्टी के राष्ट्रीय व प्रदेश अध्यक्ष से विचार-विमर्श के बाद घोषणापत्र समिति में अन्य सदस्यों के नाम तय करेंगे.
बैठक में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर, प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, प्रदेश उपाध्यक्ष वाईबी गिरी, जनरल कृष्णा सिंह, आरसीपी सिंह, पूर्व विधान पार्षद रामबली सिंह चंद्रवंशी, विधान पार्षद अफाक अहमद आदि मौजूद थे. प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज राज्य में व्यवस्था परिवर्तन के लिए अभियान चला रहा है. मौजूदा हालात को ध्वस्त कर नई ऊर्जा के साथ व्यवस्था में विश्वास रखने वालों का जन सुराज में स्वागत है.जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कहा कि मनीष कश्यप बिहार में व्यवस्था परिवर्तन में अपनी भूमिका निभाना चाहते हैं. उनका जन सुराज में स्वागत है. बिहार में वास्तविक परिवर्तन लाने के लिए सिर्फ सवाल पूछने की नहीं बल्कि जवाब बनने की भी जरूरत है