Bihar bandh Live Updates:
सिटी पोस्ट लाइव : आज बुधवार को बिहार में इंडिया गठबंधन के द्वारा चक्का जाम किया जाएगा.बिहार में तमाम विपक्षी दलों ने मिलकर मतदाता गहन पुनरीक्षण के खिलाफ बंद का आह्वान किया है.बंद को सफल बनाने के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव खुद सड़क पर उतरने वाले हैं.गौरतलब है कि आज ट्रेड यूनियंस ने भी भारत बंद का आह्वान किया है जिसे 25 करोड़ श्रमिकों का समर्थन है. इस दौरान देशभर में बैंक, बीमा दफ्तर और कोयला खदान बंद रहने वाले हैं.
बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विभागसभा चुनाव के मद्देनजर चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के लिए अभियान चलाया जा रहा है. जिसका विपक्षी दल विरोध कर रहे हैं. इंडिया गठबंधन ने आरोप लगाया है कि निर्वाचन आयोग जिन 11 दस्तावेजों की मांग कर रहा है, वे दस्तावेज राज्य के गरीब तबकों के पास नहीं हैं. इससे करोड़ों नाम मतदाता सूची से हटाए जा सकते हैं. इसी मुद्दे को लेकर आज बिहार बंद बुलाया गया है.
इस चक्का जाम में कांग्रेस, राजद, भाकपा माले, सीपीएम, सीपीआई जैसे तमाम प्रमुख विपक्षी दल शामिल होंगे. भाकपा माले के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, सीपीएम महासचिव एमए बेबी और सीपीआई के डी राजा भी इस बंद में शामिल हैं. यहां सड़कों पर आम जनजीवन के प्रभावित होने की पूरी संभावना है.आरजेडी के नेताओं-कार्यकर्ताओं को सुबह साढ़े आठ बजे पार्टी दफ्तर पहुँचने का निर्देश दिया गया है.सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी 11 बजे इनकम टैक्स गोलम्बर से निर्वाचन आयोग के दफ्तर तक पैदल मार्च करेगें.