Gopal Khemka Murder Case:
सिटी पोस्ट लाइव : बिहार की राजधानी पटना के चर्चित कारोबारी गोपाल खेमका हत्याकांड की जांच में रोज नए नए खुलासे हो रहे हैं. मास्टरमाइंड अशोक साव के एक करीबी कारोबारी और एक महिला पर शक की सुई जा रही है. तकनीकी साक्ष्यों से पता चला है कि इन दोनों की अशोक साव से बार-बार बातचीत हो रही थी. पुलिस अगले एक-दो दिन में दोनों आरोपियों को उन जगहों पर ले जाएगी, जहां साक्ष्य मिले और हत्या की साजिश रची गई थी.
पटना पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य शूटर उमेश यादव और मास्टरमाइंड अशोक साव को रिमांड पर लेकर पुलिस उछ्ताच कर रही है.पुलिस के अनुसार उमेश ने अशोक साव से गोपाल खेमका की हत्या के लिए 4 लाख रुपये की सुपारी लेने की बात कबूल कर ली है. हालांकि, अशोक साव ने सुपारी देने से इनकार किया है.वह बारबार सुपारी देने की बात से इनकार कर रहा है.पुलिस के मुताबिक, गोपाल खेमका और अशोक साव के बीच जमीन और बांकीपुर क्लब को लेकर लंबे समय से विवाद था. इस दुश्मनी को खत्म करने के लिए अशोक ने हत्या की साजिश रची. साजिश डेढ़ महीने पहले शुरू हुई, जिसमें उमेश ने खेमका की दिनचर्या का अध्ययन किया और 4 जुलाई 2025 की रात को गांधी मैदान इलाके में हत्या को अंजाम दिया.
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर साक्ष्य जुटाए. अशोक साव के फ्लैट से जमीन के दस्तावेज और एक ऑडियो बरामद हुआ, जिसमें वह शूटर को निर्देश देता सुनाई दे रहा है. पुलिस ने उमेश के घर से हत्या में इस्तेमाल बाइक, पिस्तौल, 59 कारतूस और अन्य सामग्री भी बरामद की.पुलिस को शक है कि इस साजिश में चार-पांच अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं. अशोक साव के आपराधिक इतिहास की भी जांच हो रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी कड़ियां जोड़ी जाएंगी और हत्याकांड के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आएगी.