Bihar Chunav:
सिटी पोस्ट लाइव :बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर आज 14 जुलाई को दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ बिहार कांग्रेस के प्रमुख नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है. इस बैठक में चुनावी रणनीति और महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे जैसे अहम मुद्दों पर गहन चर्चा की जाएगी.कांग्रेस मुख्यालय में होने वाली इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी प्रमुख रूप से शामिल होंगे.
इस बैठक में भाग लेने के लिए बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्ण अल्लावरु, बिहार से सभी कांग्रेस सांसद और बिहार में कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान दिल्ली पहुँच चुके हैं.गौरतलब है कि बिहार में महागठबंधन के भीतर सीट शेयरिंग को लेकर लगातार बैठकें हो रही हैं. 12 जुलाई को पटना में महागठबंधन के सभी घटक दलों की एक बैठक हुई थी, जिसमें सीटों के बंटवारे को लेकर शुरुआती बातचीत हुई थी. ऐसे में आज की दिल्ली बैठक में कांग्रेस नेतृत्व बिहार के अपने नेताओं से सीट बंटवारे पर उनकी राय लेगा.
कांग्रेस इस बैठक के माध्यम से बिहार में अपनी स्थिति को मज़बूत करने और महागठबंधन के भीतर एक प्रभावी भूमिका निभाने की रणनीति तैयार करेगी.कांग्रेस की चुनौती बिहार में ज्यादा से ज्यादा जीतनेवाली सीटें लेना है.तेजस्वी यादव अभीतक कांग्रेस को 45 से ज्यादा सीट देने के मूड में नहीं है. सीट बंटवारे पर पार्टी के भीतर आम सहमति बनाने के बाद, कांग्रेस महागठबंधन के अन्य सहयोगियों के साथ अंतिम दौर की बातचीत के लिए तैयार रहेगी. यह बैठक बिहार में कांग्रेस के भविष्य के राजनीतिक कदमों की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.