बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन धंसा, सड़क पर 100 से ज्यादा गड्ढे, उद्घाटन से पहले हाल बेहाल.

City Post Live

सिटी पोस्ट लाइव : उद्घाटन से पहले ही बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन सड़क धंस गई है.34 KM की सड़क पर 100 से ज्यादा गड्ढे बन चुके हैं. बारिश से सड़क की हालत बिगड़ गई है. बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन के साइड स्लोप में सैकड़ों गड्ढों की मरम्मत का कार्य चल रहा है. BSPCL के अधिकारी इस काम में जुटे हैं. मोकामा से बेढना गांव तक 20 किमी में करीब 30 गड्ढे हैं. इनमें पुराईबागी, मोर और शिवनार गांव के पास के गड्ढे शामिल हैं. बेढना से बख्तियारपुर तक 14 किमी में 70 से ज्यादा गड्ढे हैं. दोनों लेन के साइड स्लोप में प्रति किलोमीटर 5 गड्ढे हैं.

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सड़क की पिचिंग और साइड स्लोप के बीच 3 फीट तक ढलान नहीं है. बारिश का पानी मिट्टी को बहा ले जाता है. इससे डेढ़ मीटर का कच्चा सोल्डर भीतर से खोखला हो जाता है और बड़े गड्ढे बन जाते हैं.करीब 837 करोड़ रुपए की लागत से बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन NH-31 का निर्माण कार्य जून 2017 में शुरू हुआ था. पहले BSPCL और CNC मिलकर निर्माण कार्अय कर रही थी.अब सिर्फ BSPCL काम कर रही है. प्रोजेक्ट का 80% काम पूरा हो चुका है. अभी ग्रामीण सड़कों को फोरलेन से जोड़ने का काम बाकी है. बख्तियारपुर के पास एक लेन के पुल का निर्माण भी जारी है. फोरलेन का निर्माण कार्य चल रहा है.

2020 तक सड़क निर्माण का काम पूरा कर लेने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन जमीन अधिग्रहण की वजह से इसके समय सीमा को मार्च 2023 कर दी गई थी. खर्च में भी बढ़ोतरी हुई जो 830 करोड़ से बढ़कर इसकी लागत लगभग 1167 करोड़ रुपए हो गई.इस मामले को लेकर पुल निर्माण कंपनी कैमरे पर बोलने से बच रही है, लेकिन उन्होंने बताया कि मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है. इस फोरलेन को अभी हैंडओवर नहीं किया गया है. हैंडओवर करने के बाद चार साल तक इसके मरम्मत का कार्य निर्माण कंपनी को करना है. मार्च में एक लेन का शुभारंभ नीतीश कुमार ने किया था, लेकिन उद्घाटन अभी नहीं हुआ है.

फोरलेन के चालू होने से पटना से मोकामा का 94 किमी का सफर केवल 1 से 1.5 घंटे में पूरा होगा, जो पहले डेढ़ घंटे से अधिक लगता था. बख्तियारपुर से मोकामा की दूरी आधे घंटे में तय होगी.यह सड़क पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, बेगूसराय, समस्तीपुर, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, जमुई, शेखपुरा, पूर्णिया और खगड़िया जैसे जिलों को जोड़ेगी, जिससे उत्तर और पूर्वोत्तर बिहार के लोगों को राजधानी तक पहुंचने में सुविधा होगी.इस सड़क के जरिए बेगूसराय, समस्तीपुर, और अन्य जिलों के लोग आसानी से पटना पहुंच सकेंगे.सिमरिया में गंगा नदी पर बने नए पुल से कनेक्टिविटी और बेहतर होगी.भूटान तक का सफर भी आसान होगा..बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से माल ढुलाई और व्यापार में तेजी आएगी, विशेष रूप से बेगूसराय, मुंगेर, और खगड़िया जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में क्षेत्रीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा.

Share This Article