सिटी पोस्ट लाइव
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें एक “महान प्रधानमंत्री” बताया, लेकिन साथ ही रूस से तेल खरीदने को लेकर नाराज़गी भी जताई। उन्होंने कहा कि भारत की इस नीति से वे “बहुत निराश” हैं।
ट्रंप ने कहा, “मैं हमेशा मोदी का दोस्त रहूंगा… वह एक महान प्रधानमंत्री हैं। लेकिन मुझे यह पसंद नहीं आ रहा कि वे इस समय क्या कर रहे हैं। भारत और अमेरिका के बीच एक खास रिश्ता है, इसलिए चिंता की कोई बात नहीं है। हमारे बीच कभी-कभी ऐसे क्षण आते रहते हैं।” ये बयान ऐसे समय पर आए हैं जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक तनाव लगातार बढ़ रहा है। विशेषकर रूस से तेल खरीद को लेकर वाशिंगटन और नई दिल्ली के बीच खटास देखी जा रही है।
ट्रंप ने कहा, “मैं बहुत निराश हूं कि भारत रूस से इतनी मात्रा में तेल खरीद रहा है, और मैंने उन्हें यह बात साफ तौर पर बता दी है। हमने भारत पर 50 प्रतिशत का एक बहुत बड़ा टैरिफ लगाया है, जो काफी ऊंचा है। हालांकि मोदी के साथ मेरे संबंध अच्छे हैं, वह कुछ महीनों पहले अमेरिका आए थे।”
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल पोस्ट में यह भी कहा कि अमेरिका ने भारत और रूस को “चीन के हाथों खो दिया है।” उन्होंने एक पुरानी तस्वीर भी साझा की, जिसमें मोदी, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी नेता शी जिनपिंग को एक साथ देखा जा सकता है। यह तस्वीर SCO सम्मेलन के दौरान चीन के तिआनजिन में ली गई थी।
हालांकि ट्रंप ने व्यापारिक वार्ता को लेकर सकारात्मक रुख भी दिखाया और कहा, “व्यापार वार्ता अच्छी चल रही है। अन्य देशों के साथ भी सब ठीक है। हम यूरोपीय यूनियन से थोड़ा नाराज़ हैं, खासकर गूगल और अन्य बड़ी अमेरिकी कंपनियों के मसले पर।” ट्रंप के इन बयानों से साफ है कि भारत-अमेरिका संबंधों में रणनीतिक साझेदारी बनी हुई है, लेकिन कुछ मुद्दों पर असहमति भी उभर रही है।