सिटी पोस्ट लाइव :पटना में जमीन कारोबारी राजकुमार राय उर्फ आला राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई है.बुधवार की रात दस बजे राजकुमार राय उर्फ आला राय को पटना में सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर बदमाशों ने 5 गोली मारी. राजकुमार राय वैशाली के राघोपुर मीरमपुर के रहने वाले थे. पटना में मुन्नाचक में मकान बनाकर रह रहे थे. राजकुमार राय गांव से कार से ड्राइवर के साथ अपने घर आ रहे थे.
पहले से मौजूद दो शूटर्स ने एक गोली चलाई, जो दुकान के फ्रिज में लगी. उसके बाद वे वहां से भागकर गली में चले गए. शूटर्स ने फिर गोली चलाई. पहली गोली उनकी पीठ में लगी. वे भागने लगे. उसके बाद पीछा करके दोनों शूटर्स ने और 6 गोलियां मारीं. वे वहीं गिर गए.गोली लगाने के बाद उन्हें आनन-फानन में पीएमसीएच ले जाया गया. जहां उनकी मौत हो गई. शूटर मास्क लगाए हुए थे. वे पहले आरजेडी से जुड़े थे. किसी वजह से पार्टी से इस्तीफा देकर राघोपुर विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे.
राजकुमार की हत्या की सूचना मिलने के बाद गांव से लोग भी पहुंचे. पीएमसीएच से लेकर उनके घर तक लोगों की भीड़ जमा हो गई.मृतक के गांव के लोगों का कहना है कि, राजकुमार राय पटना में विवादित जमीन की खरीद-बिक्री करते थे. उन्होंने कई लोगों से कर्ज भी ले रखा था. मामले की जांच करने और अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है. पुलिस की एक टीम देर रात राघोपुर के लिए रवाना हो गई. पुलिस ने तीन को हिरासत में लिया है. पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है. जिस दुकान में उन्हें पहले निशाना बनाया गया, वहां के सीसीटीवी का डीवीआर पुलिस अपने साथ ले गई.
पुलिस के मुताबिक, राजकुमार की हत्या में उनका एक करीबी ही लाइनर है. पुलिस ने उसकी पहचान कर ली है. हत्या पूरी साजिश के साथ हुई है. उनकी हत्या के लिए शूटरों को सुपारी दी गई. हत्या के पीछे जमीन कारोबार में लेनदेन बड़ी वजह है. दोनों शूटर एक घंटे से उनके आने का इंतजार कर रहे थे. शूटर ने बाइक को घटनास्थल से दूर लगाया और पैदल ही मौके पर पहुंचे. घटना के बाद दोनों पैदल भागे फिर बाइक से फरार हो गए.