ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत टीम इंडिया के लिए निराशाजनक रही। बारिश से प्रभावित पहले वनडे में भारत को मेज़बान टीम ने 7 विकेट से मात दी। कप्तान मिचेल मार्श की नाबाद 46 रन की पारी और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। अब दोनों टीमें 23 अक्टूबर को एडिलेड में दूसरे वनडे में आमने-सामने होंगी।

पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेले गए बारिश से प्रभावित पहले वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 7 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 26 ओवर में 9 विकेट पर 136 रन बनाए, जिसमें केएल राहुल ने 38 और अक्षर पटेल ने 31 रन का योगदान दिया। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने नाबाद 46 रन की कप्तानी पारी खेलते हुए टीम को 21.2 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचा दिया। भारतीय बल्लेबाज़ी की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। टीम के टॉप-4 बल्लेबाज पावरप्ले में ही सस्ते में निपट गए। कप्तान शुभमन गिल (10), रोहित शर्मा (10), विराट कोहली (0) और श्रेयस अय्यर (11) बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। शुरुआती झटकों के बाद टीम इंडिया संभल नहीं सकी और 26 ओवर में सिर्फ 136 रन ही बना पाई।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की पारी बारिश से प्रभावित रही। मैच के दौरान 4 बार खेल को रोकना पड़ा। सबसे पहली बार यह रोक 9वें ओवर में लगी, तब तक कप्तान शुभमन गिल, रोहित शर्मा और विराट कोहली पवेलियन लौट चुके थे। खेल दोबारा शुरू होने पर श्रेयस अय्यर भी महज 11 रन बनाकर आउट हो गए। हेजलवुड ने जोश फिलिप के हाथों अय्यर को कैच कराके महत्वपूर्ण विकेट लिया।
प्लेइंग-11:
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, मैथ्यू शॉर्ट, मैट रेनशॉ, जोश फिलिप (विकेटकीपर), मिचेल ओवेन, कूपर कॉनोली, मिचेल स्टार्क, नाथन एलिस, मैथ्यू कुह्नेमन, जोश हेजलवुड।