सहरसा में पहले चरण के विधानसभा चुनाव से पहले चुनावी माहौल गर्म हो गया है। जिले की चार विधानसभा सीटों पर मतदान से पहले आज से विभिन्न दलों की चुनावी सभाओं का दौर शुरू हो गया है। इसी बीच में लोजपा (रामविलास) के सुप्रीमो और NDA के स्टार प्रचारक चिराग पासवान आज सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे और वहां जनसभा को संबोधित कर पार्टी प्रत्याशी संजय सिंह के पक्ष में वोटरों को लामबंद करेंगे।
दरअसल, वे सलखुआ प्रखंड स्थित कोशी उच्च विद्यालय कबीरा धाप मैदान में दोपहर 12 बजे शुरू होने वाली इस विशाल चुनावी सभा में जनता को पार्टी के एजेंडे और प्रत्याशी के पक्ष में लामबंद करेंगे। स्थानीय नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में आम नागरिकों के इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। सभा के दौरान चिराग पासवान अपने संबोधन में आगामी विधानसभा चुनावों में विकास, क्षेत्रीय मुद्दों और पार्टी की प्राथमिकताओं को लेकर जनता को जागरूक करेंगे।
चिराग पासवान की इस सभा को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। NDA के कार्यकर्ता और लोजपा (रामविलास) के समर्थक बड़ी संख्या में सभा स्थल पर जुटने की तैयारी में हैं। पार्टी नेताओं का दावा है कि यह सभा न केवल संजय कुमार सिंह के लिए समर्थन जुटाने में अहम साबित होगी, बल्कि सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र के चुनावी समीकरण को भी प्रभावित कर सकती है। वहीं, प्रशासन ने भी सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए हैं। भारी भीड़ और संभावित खींचतान को देखते हुए सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है, ताकि सभा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।