सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच मोकामा में जदयू प्रत्याशी और बाहुबली नेता अनंत सिंह की गिरफ्तारी ने राज्य की राजनीति में भूचाल ला दिया है। दुलारचंद यादव हत्याकांड में पुलिस द्वारा देर रात की गई इस कार्रवाई के बाद सत्ताधारी JDU और विपक्षी RJD के बीच तीखी जुबानी जंग छिड़ गई है। अनंत सिंह को रविवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की तैयारी है, जबकि इस हाई-प्रोफाइल मामले में चुनाव आयोग ने भी संज्ञान लेते हुए अब तक पांच अधिकारियों पर गाज गिराई है।
बीते 30 अक्टूबर को मोकामा में जन सुराज समर्थक और लालू यादव के करीबी दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में राजद नेता तेजस्वी यादव ने नामजद आरोपी अनंत सिंह पर त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद शनिवार देर रात पुलिस ने अनंत सिंह को बेढ़ना स्थित उनके मार्केट से गिरफ्तार कर लिया।
तेजस्वी का वार: ‘बिहार में महाजंगलराज’
अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “जिस तरीके से मोकामा में घटना हुई, उसमें गिरफ्तारी जरूरी थी। यह कार्रवाई तो होनी ही थी। लेकिन, प्रधानमंत्री बिहार आने वाले हैं, फिर भी हत्या के कांड रुक नहीं रहे हैं। यह गंभीर चिंता का विषय है। बिहार में महाजंगलराज की स्थिति है।” तेजस्वी यादव ने सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप दोहराया।
JDU का तीखा पलटवार: रीतलाल यादव पर सवाल
राजद के ‘जंगलराज’ वाले आरोपों पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने तीखा पलटवार किया है। JDU के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए सीधा सवाल किया है।
नीरज कुमार ने कहा, “मोकामा मेरा जन्मस्थान है। 2005 से पहले यह क्षेत्र कत्लगाह बना हुआ था। नीतीश कुमार की सरकार बनने के बाद स्थिति में सुधार हुआ। जब चुनाव से ठीक पहले यह बड़ी घटना हुई, तो सरकार ने बिना किसी भेदभाव के त्वरित कार्रवाई करके दिखा दिया।”
उन्होंने आगे तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए कहा, “हमने तो कार्रवाई करके दिखा दिया, पर तेजस्वी यादव बताएं कि वे क्या कर रहे हैं। रीतलाल यादव किस मठ के महंथ हैं?” नीरज कुमार ने दानापुर से RJD के उम्मीदवार और 30 से अधिक गंभीर केस वाले रीतलाल यादव का नाम लेकर तेजस्वी पर दबाव बढ़ाया।
JDU प्रवक्ता ने ADR की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि राजद ने 76 प्रतिशत टिकट आपराधिक छवि वाले नेताओं को दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “राजद राजनीति में जंगलराज लाना चाहता है।” हालांकि, उन्होंने दावा किया कि “बिहार की जनता जानती है कि नीतीश कुमार हैं तो सब महफूज हैं, बेटियां उड़ान भरेंगी।”
जाहिर है, एक बाहुबली की गिरफ्तारी ने बिहार चुनाव के आखिरी चरण से पहले ‘अपराध बनाम सुशासन’ की बहस को फिर से केंद्र में ला दिया है। JDU, कार्रवाई का श्रेय लेकर ‘सुशासन’ की छवि मजबूत करना चाहती है, तो वहीं RJD अपने ही उम्मीदवार पर कार्रवाई के बाद भी, सत्ताधारी दल के एक अन्य बाहुबली नेता के खिलाफ कार्रवाई को अपनी नैतिक जीत बता रही है, पर रीतलाल यादव पर JDU का सवाल अब RJD को असहज स्थिति में डाल सकता है।