तेज प्रताप का राहुल गांधी पर तंज: मछली-जलेबी ही बनानी थी तो रसोइया बनते, राजनीति में क्यों आए?

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव के माहौल में लालू परिवार के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने एक बार फिर अपने बगावती तेवर दिखाए हैं। इस बार उनके निशाने पर महागठबंधन के प्रमुख नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी हैं। तेज प्रताप ने राहुल गांधी के चुनावी प्रचार के दौरान मछली पकड़ने और जलेबी बनाने की गतिविधियों पर कटाक्ष करते हुए उन्हें राजनीति छोड़ने और ‘रसोइया’ बनने की सलाह दी है।

मछली पकड़नी थी तो रसोइया ही बन जाते
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव ने राहुल गांधी के उन प्रयासों पर तंज कसा, जो वह अपनी ‘जनता के बीच’ वाली छवि बनाने के लिए करते हैं। तेज प्रताप ने अपने खास अंदाज़ में कहा, “राहुल गांधी मछली पकड़ने के लिए तालाब में कूद जाते हैं। कभी जलेबी बनाने लग जाते हैं। अगर उन्हें मछली पकड़ना और जलेबी बनाना इतना ज्यादा पसंद है तो वे राजनीति में क्यों आए? जाकर रसोइया बन जाते।”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

उन्होंने आगे कहा कि देश अंधकार में जा रहा है और राहुल गांधी मछली पकड़ रहे हैं। तेज प्रताप ने राहुल गांधी पर प्रदूषण फैलाने के लिए मोटरसाइकिल चलाने का भी आरोप लगाया और कहा कि वह जिंदगी भर मछली ही पकड़ते रहेंगे क्योंकि रोजगार की बात हो नहीं रही है।

छोटे भाई तेजस्वी को भी सीधी चुनौती
लालू परिवार से आजकल तल्खी का सामना कर रहे तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई और महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव पर भी पलटवार किया। यह जानते हुए भी कि तेजस्वी यादव राघोपुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, तेज प्रताप ने वहाँ प्रचार करने का ऐलान किया।

राघोपुर में ताल ठोंकना: उन्होंने कहा, “मैं उनके (तेजस्वी के) विधानसभा क्षेत्र राघोपुर में प्रचार के लिए जाऊंगा, हमें कोई रोक नहीं सकता है। राघोपुर में दो-दो हेलीकॉप्टर उतारेंगे।”

पार्टी से बड़ी जनता: तेजस्वी यादव के ‘पार्टी से बड़ा कोई नहीं होता’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए तेज प्रताप ने कहा, “हम छोटे भाई से कहना चाहेंगे कि पार्टी से बड़ी जनता होती है। लोकतंत्र में जनता मालिक होती है, पार्टी या परिवार कुछ भी नहीं होता है।”

तेज प्रताप ने महुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा की है और कहा कि महुआ उनके लिए पार्टी और परिवार से कहीं ज्यादा बढ़कर है। उन्होंने आत्मविश्वास जताया कि उनकी जनता उन्हें भारी मतों से जिताएगी, क्योंकि वह अपनी काबिलियत पर विश्वास रखते हैं। तेज प्रताप का यह बयान जहां कांग्रेस और महागठबंधन के लिए असहज स्थिति पैदा करता है, वहीं लालू परिवार के आंतरिक कलह को भी उजागर करता है, जो चुनावी मौसम में एनडीए को एक और हमलावर मुद्दा दे सकता है।

Share This Article