बिहार चुनाव: वैशाली के स्ट्रांग रूम में CCTV बंद होने से हंगामा! RJD ने लगाया ‘EVM से छेड़छाड़’ का गंभीर आरोप

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान संपन्न होने के बाद, वैशाली जिले के स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करके दावा किया है कि हाजीपुर के आरएन कॉलेज मतगणना केंद्र में रखे ईवीएम की निगरानी के लिए लगा सीसीटीवी कैमरा रात में थोड़ी देर के लिए बंद हो गया था, जिससे बड़ी गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है।

रात में CCTV बंद होने का दावा
वैशाली जिले की 8 विधानसभा सीटों की मतगणना के लिए आरएन कॉलेज में स्ट्रॉन्ग रूम बनाया गया है। वायरल वीडियो स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर मौजूद विभिन्न प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों द्वारा बनाया गया बताया जा रहा है। वीडियो बनाने वाला शख्स दावा कर रहा है कि रात के 11 बजे के आसपास, महनार विधानसभा क्षेत्र के ईवीएम की निगरानी वाला सीसीटीवी कैमरा अचानक बंद हो गया। इसी दौरान स्ट्रांग रूम के अंदर और बाहर कुछ गाड़ियों की संदिग्ध आवाजाही भी देखी गई।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

RJD ने जताई ईवीएम से छेड़छाड़ की आशंका
राष्ट्रीय जनता दल ने अपने आधिकारिक ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर इस वीडियो को पोस्ट करते हुए सीधा आरोप लगाया है कि मतगणना में धांधली करने के लिए जानबूझकर सीसीटीवी कैमरे को बंद किया गया था। आरजेडी ने आशंका व्यक्त की है कि इस दौरान ईवीएम से छेड़छाड़ की गई होगी, जिसका उद्देश्य चुनाव परिणाम को प्रभावित करना है।

इस विवाद ने इसलिए भी तूल पकड़ लिया है क्योंकि महनार विधानसभा सीट से जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा चुनाव लड़ रहे हैं, जिनका मुकाबला आरजेडी के ई. रविन्द्र सिंह से है। आरजेडी ने जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष की सीट पर ऐसी लापरवाही सामने आने के बाद प्रशासन की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा किया है।

डीएम-एसपी ने मौके पर पहुंचकर की जांच
वीडियो सोशल मीडिया पर जारी होते ही पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले की डीएम वर्षा सिंह और एसपी ललित मोहन शर्मा तत्काल तमाम प्रशासनिक काफिले के साथ हाजीपुर स्थित आरएन कॉलेज स्ट्रांग रूम पहुंचे। अधिकारियों की टीम ने स्ट्रांग रूम के अंदर जाकर पूरे मामले की जांच की और स्थिति का जायजा लिया।

डीएम वर्षा सिंह ने मीडिया को बताया कि इस पूरे मामले और वीडियो की जांच की जा रही है, और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस बात का भरोसा दिलाया कि भविष्य में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने नहीं आएगी। हालांकि, विपक्षी दल अभी भी इस घटना को लेकर प्रशासन पर दबाव बनाए हुए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

Share This Article