मुजफ्फरपुर के मनियारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात 13 साल की नाबालिग के साथ घर में घुसकर रेप की वारदात सामने आई है। बच्ची घर पर अकेली अपने पिता के साथ थी, जबकि मां और दो भाई-बहन नानी के घर गए थे। रात करीब 2 बजे आरोपी खिड़की से घुसा और अपराध को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मनियारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुई नाबालिग से दुष्कर्म की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पीड़िता के चिल्लाने की आवाज सुनकर पिता की नींद खुली। और उन्होंने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन हाथापाई के बाद वह फरार हो गया। आरोपी की पहचान दिव्य प्रकाश उर्फ अभिनव (35) के रूप में हुई है, जो एक बार जिला परिषद का चुनाव भी लड़ चुका है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना की जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात पीड़िता के पिता बरामदे में सो रहे थे, जबकि 13 वर्षीय बच्ची अपने कमरे में सोई हुई थी। मां और दो भाई-बहन नानी के घर गए हुए थे। रात करीब 2 बजे खिड़की के पास से आवाज आई, जिससे बच्ची की नींद खुली। उसने देखा कि खिड़की पर लगा प्लाई हटाया जा रहा है। डर के मारे वह चौकी से उतरकर नीचे छिप गई। तभी आरोपी अभिनव खिड़की से कमरे में घुस आया। मोबाइल की रोशनी में पीड़िता ने उसे पहचान लिया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे चौकी पर पटक दिया, तकिए से मुंह दबाया और विरोध करने पर पिटाई की। जान से मारने की धमकी देकर उसने वारदात को अंजाम दिया। चिल्लाने की आवाज सुनकर पिता दौड़े, लेकिन आरोपी ने उनसे हाथापाई की और घर के पीछे के रास्ते से फरार हो गया। वहीं, सुबह उठकर पिता ने गांव वालों को घटना की जानकारी दी। शनिवार को आक्रोशित ग्रामीण आरोपी के घर पहुंचे और वहां तोड़फोड़ की। मनियारी थाना पुलिस ने पीड़िता को SKMCH में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, पीड़िता के प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।
सूचना मिलते ही मनियारी थाना पुलिस के साथ-साथ आसपास के कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी दिव्य प्रकाश उर्फ अभिनव को गिरफ्तार कर लिया और आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया। जांच में सामने आया है कि अभिनव पहले भी दुष्कर्म के एक मामले में जेल जा चुका है और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। वह एक बार जिला परिषद चुनाव भी लड़ चुका है, जिसमें उसे हार मिली थी। दो साल पहले लोजपा (रामविलास) लेबर सेल ने उसे जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया था, लेकिन उसने अभी तक पद से त्यागपत्र नहीं दिया था। जिला अध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि अभिनव ने पार्टी की सदस्यता तो ली थी, लेकिन वह कभी सक्रिय नहीं रहा और पार्टी की गतिविधियों में शामिल नहीं होता था। रेप के गंभीर आरोपों को देखते हुए पार्टी उसे तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर रही है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।