बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में 14 नवंबर को सुबह 8 बजे से काउंटिंग, जानिए किस सीट का परिणाम होगा सबसे पहले घोषित

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए वोटों की गिनती 14 नवंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। जिले की 11 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना की पूरी तैयारी प्रशासन ने कर ली है। बाजार समिति परिसर में बनाए गए मतगणना केंद्र में 14 टेबल लगाई गई हैं, जहां लगभग 25 से 30 राउंड में वोटों की गिनती पूरी होगी।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने बताया कि मतगणना प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोपरि होगी। आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक आरओ (रिटर्निंग ऑफिसर) को मतदान गणना से जुड़ी मार्गदर्शिका पुस्तिका का अध्ययन कर उसी के अनुरूप प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सुबह साढ़े आठ बजे से प्रारंभिक रुझान आने की उम्मीद जताई गई है। बूथों की संख्या को देखते हुए, सकरा और मीनापुर विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम बूथ होने के कारण मतगणना पहले पूरी हो जाएगी। वहीं, मुजफ्फरपुर और गायघाट विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक बूथ होने से यहां गिनती में अधिक समय लगेगा — अनुमानतः 30 राउंड तक।

पोस्टल बैलेट की गिनती आरओ टेबल पर की जाएगी। मतगणना शुरू होने से पहले स्ट्रांग रूम प्रत्याशियों या उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी में वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ खोला जाएगा। इस दौरान आरओ, एआरओ, ऑब्जर्वर, प्रत्याशी और एजेंट मौजूद रहेंगे। मतगणना के बाद ईवीएम को पुनः सील कर स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा।

सुरक्षा की दृष्टि से ईवीएम को विशेष रूट चार्ट के अनुसार सुरक्षा बलों की निगरानी में मतगणना हाल तक पहुंचाया जाएगा। प्रशासन ने मतगणना केंद्र पर चिकित्सा, बिजली, पेयजल और आपातकालीन सेवाओं की पूर्ण व्यवस्था की है। परिसर में एम्बुलेंस, मेडिकल टीम, फायर ब्रिगेड और रिजर्व पावर बैकअप भी तैनात रहेंगे।

नगर निगम को परिसर की स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अवांछित गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि मतगणना लोकतंत्र का सबसे निर्णायक चरण है, जिसे शुद्धता, निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न किया जाएगा।

Share This Article