सिटी पोस्ट लाइव
बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री और समाजवादी पार्टी की राज्यसभा सांसद जया बच्चन ने अपने व्यक्तिगत अधिकारों की सुरक्षा को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने अपनी याचिका में अदालत से मांग की है कि उनके नाम, छवि और आवाज का बिना अनुमति उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
जया बच्चन ने अपनी अर्जी में कहा कि हाल के दिनों में कई वेबसाइटों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स ने उनके नाम, तस्वीर और आवाज का इस्तेमाल कर उत्पादों को प्रमोट किया है। इनमें कुछ प्लेटफॉर्म ऐसे हैं जो उनके नाम का उपयोग कर नकली सामान और डिजिटल कंटेंट बेच रहे हैं, जिससे उनके व्यक्तित्व अधिकारों और छवि को नुकसान पहुंचा है।
याचिका में जया बच्चन ने अदालत से अनुरोध किया है कि ऐसे सभी वेबसाइटों और सोशल मीडिया खातों को तुरंत निर्देशित किया जाए कि वे उनके नाम और छवि का इस्तेमाल न करें। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनके “व्यक्तित्व अधिकार (personality rights)” और “प्रचार अधिकार (publicity rights)” को कानूनी सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि भविष्य में उनके नाम या छवि का किसी व्यावसायिक उद्देश्य से दुरुपयोग न हो सके।
दिल्ली हाईकोर्ट ने इससे पहले अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन की याचिकाओं पर भी अंतरिम आदेश जारी किए थे, जिनमें अदालत ने उनके नाम, छवि और आवाज के अनधिकृत उपयोग पर रोक लगाई थी। जया बच्चन ने अपनी याचिका में उन्हीं आधारों का हवाला देते हुए न्याय की मांग की है।
कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, यह मामला भारतीय सिनेमा जगत में बढ़ते डिजिटल पायरेसी और सेलेब्रिटी अधिकारों के दुरुपयोग से जुड़ा हुआ है। हाल के वर्षों में कई मशहूर हस्तियां इस तरह के उल्लंघनों के खिलाफ अदालतों का रुख कर चुकी हैं।