नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा! अब 20 नवंबर को बनेगी नई सरकार, BJP-JDU की बैठक कल…

Ritu Raj

बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की ऐतिहासिक जीत के साथ ही सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफा सौंपकर नई सरकार गठन का रास्ता साफ कर दिया। इससे पहले हुई आखिरी कैबिनेट बैठक में मौजूदा विधानसभा भंग करने का प्रस्ताव पारित किया गया, जिसके तहत 19 नवंबर को विधानसभा भंग हो जाएगी।

कल यानी मंगलवार को नई सरकार गठन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जदयू और बीजेपी दोनों ने अपने-अपने विधायक दल की बैठकें बुलाई हैं। इन बैठकों के बाद होने वाली NDA की संयुक्त बैठक में नेता चुन लिया जाएगा, जिसके बाद गठबंधन औपचारिक रूप से सरकार बनाने का दावा पेश करेगा। 20 नवंबर को गांधी मैदान में नीतीश कुमार एक बार फिर 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। गठबंधन में विभागों और हिस्सेदारी को लेकर भी तस्वीर साफ हो गई है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के मुताबिक नई कैबिनेट में कुल 36 मंत्री शामिल होंगे। जिसमें 16 बीजेपी से, 15 जदयू से, 3 लोजपा (आर) से, जबकि हम और रालोमो को एक-एक मंत्री पद मिलेगा। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियाँ गांधी मैदान में तेज़ी से चल रही हैं और कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

मौजूदा सरकार का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है, ऐसे में उससे पहले नई सरकार का गठन अनिवार्य हो जाता है। इसी बीच चुनाव आयोग ने सभी विजयी उम्मीदवारों की सूची राजभवन को सौंप दी है और राज्य में आचार संहिता भी हट चुकी है। ऐसे में अब सरकार गठन की प्रक्रिया औपचारिक रूप से तेज़ हो गई है और अगले कुछ दिनों में बिहार की नई सियासी तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

Share This Article