तेजस्वी यादव बोले NDA का मतलब है “नेशनल दामाद आयोग”, BJP को कहा “बड़का झूठा पार्टी”
सिटी पोस्ट लाइव
पटना: बिहार की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी ने कहा कि NDA का असली नाम ‘नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस’ नहीं बल्कि ‘नेशनल दामाद आयोग’ होना चाहिए।
तेजस्वी ने BJP को आड़े हाथों लेते हुए तंज कसा, “ये लोग ‘बड़का झूठा पार्टी’ हैं। जनता ने इन पर भरोसा किया, उन्हें वोट दिया, लेकिन इन्होंने जनता की नहीं, अपने परिवार वालों की सेवा शुरू कर दी। जो खुद परिवारवाद में लिप्त हैं, वो दूसरों को परिवारवाद का पाठ पढ़ा रहे हैं।”
जब पत्रकारों ने पूछा कि वे किन दामादों की बात कर रहे हैं, तो तेजस्वी ने खुलकर नाम लिए। उन्होंने कहा, “जीतन राम मांझी के दामाद, रामविलास पासवान के दामाद और अशोक चौधरी जी के दामाद – सभी को सत्ता में विशेष स्थान मिला है। अशोक चौधरी तो यहां तक कह चुके हैं कि उनके दामाद को RSS कोटे से आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। अब समझ लीजिए कि किस तरह की सिफारिशी राजनीति चल रही है।”
तेजस्वी यादव ने यह भी आरोप लगाया कि बिहार सरकार में 50% मंत्री परिवारवादी पृष्ठभूमि से आते हैं, और इस सरकार की प्राथमिकता जनता नहीं, रिश्तेदार हैं। उन्होंने कहा कि NDA सिर्फ नारे और प्रचार की राजनीति कर रही है, असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए परिवारवाद का झूठा राग अलापती है।