शपथ ग्रहण पर सस्पेंस! सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर, पर चिराग की ‘डिप्टी CM’ मांग से बढ़ी हलचल…

Ritu Raj

नीतीश कुमार गुरुवार को सुबह 11.30 बजे गांधी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके एक दिन पहले बुधवार को पटना स्थित बीजेपी ऑफिस में हुई विधायक दल की अहम बैठक में सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया, जबकि विजय सिन्हा को विधानमंडल दल का उपनेता बनाया गया। नई सत्ता संरचना के ऐलान के बाद शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।

दरअसल, थोड़ी ही देर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पटना पहुंचने वाले हैं। वे पहले नीतीश कुमार से मुलाकात करेंगे और उसके बाद बीजेपी नेताओं के साथ अहम बैठक में शामिल होंगे, जिसमें नई सरकार के मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद दोपहर 3.30 बजे विधानसभा के सेंट्रल हॉल में NDA की संयुक्त बैठक प्रस्तावित है। उधर, सूत्र बताते हैं कि चिराग पासवान ने NDA में दो कैबिनेट के साथ डिप्टी सीएम पद की मांग रखी है। माना जा रहा है कि वे अपने बहनोई अरुण भारती का नाम आगे बढ़ा सकते हैं। इस चुनाव में LJP(R) ने 19 सीटों के साथ मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है, जिसके बाद दल ने विधायक दल के नेता के चुनाव की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इसके लिए बीजेपी के संसदीय बोर्ड ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है, जबकि केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है। तीनों ही नेता पटना पहुंच चुके हैं और आज की बैठकों में शामिल रहेंगे।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

NDA की इस बैठक में सभी सहयोगी दल अपने-अपने विधायक दल के नेताओं के चुनाव की औपचारिक पुष्टि करेंगे, जिसके बाद गठबंधन एकजुट होकर नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से अपना नेता घोषित करेगा। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद नीतीश कुमार राज्यपाल को अपना अनिवार्य इस्तीफा सौंपेंगे और तुरंत ही नई सरकार बनाने का दावा भी पेश करेंगे। माना जा रहा है कि यह पूरा घटनाक्रम शाम तक पूरा हो जाएगा, जिसके साथ ही बिहार में नई सरकार के गठन का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा।

Share This Article