सुबह-सुबह बेऊर जेल में कार्रवाई: संदिग्ध गतिविधियों के इनपुट पर सर्च ऑपरेशन…

Ritu Raj

पटना के अति संवेदनशील बेऊर जेल में शनिवार की सुबह प्रशासन ने एक विशेष छापेमारी अभियान चलाया। सिटी एसपी पूर्वी, सिटी एसपी मध्य और एडीएम की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई का नेतृत्व किया। अभियान का उद्देश्य जेल के अंदर अपराधियों की गतिविधियों पर नज़र रखना, अवैध सामान की तलाश करना और अपराध पर सख्त नियंत्रण स्थापित करना था।

दरअसल, यह छापेमारी शनिवार तड़के करीब 5 बजे शुरू हुई, जब सभी बंदी अपने-अपने वार्डों में थे। भारी सुरक्षा बल के साथ पहुंचे अधिकारियों ने बेऊर जेल के सभी वार्डों में सघन तलाशी अभियान चलाया। सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में पटना और उसके आसपास बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन जेल की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रख रहा है। बिहार में हत्या, लूटपाट और डकैती जैसी कई बड़ी वारदातों के तार बेऊर जेल से जुड़े होने की आशंका पहले भी सामने आ चुकी है। इसी संदिग्ध गतिविधि और सुरागों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन लगातार छापेमारी और सर्च ऑपरेशन के माध्यम से जेल के अंदर की स्थिति पर नियंत्रण मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

हालांकि, सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि तलाशी में किन-किन सामानों की बरामदगी हुई है और आगे की कार्रवाई किस दिशा में बढ़ेगी। बेऊर जेल परिसर में भारी पुलिस बल की मौजूदगी बनी हुई थी और छापेमारी जारी थी। सिटी एसपी पूर्वी ने कहा कि, संपूर्ण तलाशी अभियान पूरा हो जाने के बाद ही बरामद वस्तुओं और संभावित कार्रवाई के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

Share This Article