दिसंबर की शुरुआत के साथ ही बिहार में ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने 5 और 6 दिसंबर को 12–15 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से पछुआ हवा चलने की चेतावनी जारी की है, जिसके चलते पूरे प्रदेश में ठिठुरन और तापमान में गिरावट बढ़ने की संभावना है।
बिहार में पछुआ हवा के सक्रिय होने से न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं। कई जिलों में रात का पारा सामान्य से नीचे फिसल सकता है। बीते 24 घंटों में पटना, बेगूसराय, किशनगंज, बेतिया, बगहा और गोपालगंज सहित 10 से ज्यादा शहरों में कोहरे की चादर छाई रही। इसी दौरान 9.9 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ भागलपुर राज्य का सबसे ठंडा जिला दर्ज हुआ। फिलहाल प्रदेश में न्यूनतम तापमान 9.9 से 17 डिग्री सेल्सियस के दायरे में बना हुआ है। उत्तर-पश्चिम बिहार जैसे सीतामढ़ी, पश्चिम चंपारण, शिवहर और दरभंगा में पारा 10 डिग्री के आसपास पहुंच चुका है, जबकि गया, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद जिलों में रात की ठंड लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अभी शीतलहर की स्थिति बनने की संभावना नहीं है, लेकिन तापमान में गिरावट का दौर जारी रहेगा। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा रहने की संभावना है, हालांकि घना कोहरा छाने के आसार काफी कम हैं।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 3–4 दिनों तक न्यूनतम तापमान में गिरावट का यह दौर जारी रहेगा। रात और सुबह की ठिठुरन बढ़ेगी, जबकि पछुआ हवा के असर से पारा और नीचे जा सकता है। हालांकि दिन चढ़ने के बाद धूप से थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन शाम होते ही ठंड फिर हावी हो जाएगी। राजधानी पटना में शुक्रवार और शनिवार को पछुआ हवा के चलते न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। कोहरा हल्का रहने की संभावना है, जिससे फ्लाइट और ट्रेन संचालन पर किसी तरह का असर नहीं पड़ेगा।