बिहार चुनाव 2025 में बंपर बहुमत मिलने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में विकास का नया ‘हाइड्रोजन बम’ फोड़ दिया है। 7 निश्चय के पार्ट 1 और 2 की सफलता के बाद अब सीएम ने सात निश्चय-3 कार्यक्रम की शुरुआत कर दी है। उन्होंने बताया कि यह योजना राज्य के सभी वर्गों और क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए तैयार की गई है और बिहार को सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने का लक्ष्य रखती है।
7 निश्चय पार्ट 3 के बारे में एक-एक बात जानिए:
पहला लक्ष्य: ‘दोगुना रोजगार, दोगुनी आय’। बिहार में महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 10,000 रुपये और व्यवसाय बढ़ाने के लिए 2 लाख रुपये तक सहायता दी जाएगी। 94 लाख गरीब परिवारों को प्राथमिकता मिल रही है। हाट-बाजार विकसित होंगे और अगले 5 साल में 1 करोड़ युवाओं के लिए रोजगार अवसर पैदा किए जाएंगे। युवा, रोजगार और कौशल विकास के लिए नया विभाग भी बनाया गया है।
दूसरा लक्ष्य: ‘समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार’। बिहार में उद्योग विकास के लिए तीन उच्चस्तरीय समितियां बनाई गई हैं। राज्य को पूर्वी भारत का टेक हब और विश्वस्तरीय वर्कप्लेस बनाने का लक्ष्य है। अगले 5 वर्षों में 50 लाख करोड़ रुपये का निजी निवेश लाने का लक्ष्य तय किया गया है। छोटे उद्योगों के लिए नया निदेशालय और बिहार विपणन प्रोत्साहन निगम भी स्थापित किया गया है। बंद 9 चीनी मिलों को चालू किया जाएगा और 25 नई चीनी मिलें बनाई जाएंगी।
तीसरा लक्ष्य: ‘कृषि में प्रगति, प्रदेश की समृद्धि’। बिहार में किसानों की आय बढ़ाने के लिए चौथा कृषि रोड मैप 2024-29 लागू किया जाएगा। मखाना उत्पादन, डेयरी और मत्स्य पालन को बढ़ावा मिलेगा। सभी पंचायतों में ‘सुधा’ बिक्री केंद्र और दुग्ध उत्पादन समितियां स्थापित की जाएंगी। सिंचाई परियोजनाओं को भी तेज़ किया जाएगा।
चौथा लक्ष्य: ‘उन्नत शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य’। बिहार में उच्च शिक्षा विभाग का गठन किया गया है। पुराने प्रतिष्ठित संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया जाएगा और राज्य में नई एजुकेशन सिटी का निर्माण किया जाएगा।
पांचवां लक्ष्य: ‘सुलभ स्वास्थ्य, सुरक्षित जीवन’। प्रखंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को विशेष चिकित्सीय केंद्र और जिला अस्पतालों को अति विशेष चिकित्सीय केंद्र बनाया जाएगा। नए मेडिकल कॉलेजों में लोक-निजी भागीदारी बढ़ाई जाएगी और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए चिकित्सकों को प्रोत्साहन दिया जाएगा।
छठा लक्ष्य: ‘मजबूत आधार, आधुनिक विस्तार’। बिहार में शहरी विकास, सस्ते आवास और 5 नई एक्सप्रेस-वे का निर्माण होगा। ग्रामीण सड़कों का चौड़ीकरण, सौर ऊर्जा का विस्तार और पर्यटन स्थलों का आधुनिकीकरण किया जाएगा। फिल्म सिटी, स्पोर्ट्स सिटी और खेल केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे, साथ ही प्रगति यात्रा की 430 योजनाओं और सात निश्चय-2 के अधूरे काम पूरे किए जाएंगे।
सातवां लक्ष्य: ‘सबका सम्मान, जीवन आसान (Ease of Living)’। बिहार में आधुनिक तकनीक, नवाचार और सुशासन के माध्यम से सभी नागरिकों के जीवन को आसान बनाया जाएगा। सीएम नीतीश ने कहा कि इससे बिहार सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।