साइंस सिटी में एंट्री आसान, ऑनलाइन बुकिंग सुविधा के साथ आज से जनता के लिए ओपन…

Ritu Raj

पटना के लोगों के लिए विज्ञान और तकनीक की दुनिया से रूबरू होने का बड़ा मौका आज से शुरू हो गया है। उद्घाटन के तीन महीने बाद आधुनिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी को आम लोगों के लिए खोल दिया गया है। अब पर्यटक और छात्र इस साइंस सिटी का भ्रमण कर सकेंगे, हालांकि एंट्री केवल ऑनलाइन बुकिंग के जरिए ही मिलेगी। मौके पर ऑफलाइन टिकट की कोई व्यवस्था नहीं होगी। इसके लिए सरकार ने ई-टिकटिंग पोर्टल भी लॉन्च कर दिया है, जिससे लोग पहले से ही अपनी यात्रा की योजना बना सकेंगे।

दरअसल, आज से आम लोग टिकट लेकर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी का भ्रमण कर सकेंगे। साइंस सिटी प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक खुली रहेगी, जहां हर घंटे अधिकतम 50 दर्शकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। टिकट बुकिंग की सुविधा पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है और इच्छुक दर्शक घर बैठे www.apjsciencecity.com वेबसाइट के जरिए अपनी विजिट की तारीख, समय स्लॉट और विजिटर्स की कैटेगरी चुनकर भुगतान कर सकते हैं। बुकिंग के बाद ई-टिकट का प्रिंट या मोबाइल में सेव टिकट दिखाकर प्रवेश मिलेगा। हालांकि, प्रवेश शुल्क की बात करें तो 12 वर्ष से अधिक उम्र के दर्शकों के लिए टिकट 50 रुपये और 5 से 12 वर्ष के बच्चों के लिए 10 रुपये तय किया गया है। वहीं स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों के छात्रों के समूह या किसी भी संस्था के माध्यम से 25 या उससे अधिक की संख्या में आने वाले दर्शकों को नि:शुल्क प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा दिव्यांगजनों और 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी फ्री एंट्री की व्यवस्था की गई है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

गौरतलब है कि इसी साल 21 सितंबर को मुख्यमंत्री ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी का उद्घाटन किया था, लेकिन अब तक इसे आम लोगों के लिए नहीं खोला गया था। महान वैज्ञानिक और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की स्मृति में निर्मित यह साइंस सिटी करीब 20.5 एकड़ क्षेत्र में फैली हुई है। यहां विज्ञान आधारित कुल पांच गैलरी विकसित की जा रही हैं, जिनमें से फिलहाल बीए साइंटिस्ट्स गैलरी और बेसिक साइंस गैलरी दर्शकों के लिए खोल दी गई हैं। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस साइंस सिटी में 269 विज्ञान मॉडल, 4डी थिएटर, 500 सीटों वाला ऑडिटोरियम और छात्रों के लिए डॉरमेट्री की व्यवस्था भी की गई है, जो इसे शिक्षा और मनोरंजन का अनोखा केंद्र बनाती है।

Share This Article