भाजपा के नवनियुक्त कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार को पटना साहिब स्थित तख्त श्री हरमंदिर साहिब पहुंचे और सिखों के दसवें गुरु, श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के दरबार में मत्था टेका। इस दौरान उन्हें गुरुद्वारा में गुरु गोविंद सिंह जी से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरों और प्रदर्शित वस्तुओं का दर्शन कराया गया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से उन्हें सरोपा भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
पटना साहिब गुरुद्वारा में नवनियुक्त भाजपा कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दर्शन के मौके पर कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसमें सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक रत्नेश कुशवाहा, पूर्व विधायक नंदकिशोर यादव, बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल, उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, पटना की मेयर सीता साहू और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे। दिल्ली से लौटने के बाद यह उनका पहला गुरुद्वारा दर्शन था। इससे एक दिन पहले ही पटना में उनके सम्मान में मेगा रोड शो का आयोजन किया गया था। भाजपा आलाकमान ने नितिन नवीन को पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त कर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उनके इस पद पर आने के साथ ही यह माना जा रहा है कि बिहार के किसी नेता को अब तक की सबसे बड़ी संगठनात्मक कुर्सी मिली है। इससे राज्य की राजनीति में भाजपा की पकड़ और प्रभाव दोनों मजबूत होने के संकेत मिल रहे हैं।
नितिन नवीन का सियासी सफर लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़ा रहा है। उन्होंने पार्टी और सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं और जमीनी राजनीति से लेकर संगठनात्मक कौशल तक में अपनी छाप छोड़ी है। उनके अनुभव और दक्षता को देखते हुए उनकी नियुक्ति को भाजपा नेतृत्व द्वारा बिहार को दिया गया विशेष महत्व माना जा रहा है। आगामी वर्ष उनके लिए राजनीतिक रूप से चुनौतीपूर्ण भी होगा, क्योंकि पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनाव उनके लिए बड़ी परीक्षा साबित होंगे। इन राज्यों में पार्टी की रणनीति और संगठनात्मक तैयारी में नितिन नवीन की भूमिका निर्णायक मानी जा रही है।