बिहार में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और फिलहाल इससे राहत के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक राज्य में भीषण ठंड बने रहने की चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि पटना समेत आठ जिलों में अगले पांच दिनों तक धूप नहीं निकल पाएगी, जिससे ठिठुरन और अधिक बढ़ेगी।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को पटना सहित राज्य के 29 जिलों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट की संभावना है। मंगलवार को नालंदा के राजगीर में सबसे कम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गयाजी में पारा 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, कई जिलों में घना कोहरा और कोल्ड-डे की स्थिति बनी हुई है। राजधानी पटना में लगातार चौथे दिन कोल्ड-डे दर्ज किया गया। सोमवार को दिनभर कोहरे और बादलों के कारण धूप नहीं निकल सकी। तेज पछुआ हवा के चलते कनकनी इतनी बढ़ गई कि लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मात्र 2.1 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहने के कारण पटना राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा। इसके साथ ही घने कोहरे का असर हवाई और रेल यातायात पर भी साफ नजर आया। सोमवार को पटना एयरपोर्ट से 10 उड़ानें रद्द रहीं, जबकि 16 उड़ानें देरी से संचालित हुईं। इसके अलावा तेजस राजधानी सहित कई ट्रेनों की रफ्तार भी ठंड और कोहरे के कारण प्रभावित रही।
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी पछुआ हवाएं चल रही हैं, जिससे पूरे प्रदेश में ठंड का असर और बढ़ गया है। आने वाले दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट दर्ज की जा सकती है। खासकर सुबह और देर रात के समय ठंड और कोहरे के कारण हालात अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। खुले इलाकों में दृश्यता 50 से 100 मीटर तक सिमटने की संभावना जताई गई है।