ठिठुरन से राहत नहीं, बिहार के 7 जिलों में कोल्ड डे की चेतावनी…

Ritu Raj

बिहार में नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड, घने कोहरे और शीतलहर के साथ हुई है। सर्द पछुआ हवाओं ने सुबह की फिज़ा को और भी सिहरन भरा बना दिया है। गलियों में सन्नाटा पसरा है और लोगों की दिनचर्या ठंड की मार से प्रभावित नजर आ रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के 7 जिलों में कोल्ड डे और कई इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार गोपालगंज, सिवान, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा और पूर्णिया के कुछ हिस्सों में ठंड का असर सबसे अधिक है। राजधानी पटना समेत पूरे दक्षिण बिहार में चल रही सर्द पछुआ हवा ने ठिठुरन को और तेज कर दिया है। वहीं, गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड और बढ़ गई। राज्य के करीब 20 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। हालांकि अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी से दक्षिण बिहार में दिन के समय हल्की राहत मिली, लेकिन उत्तर बिहार के जिलों में कोहरा छाया रहा और धूप के दर्शन मुश्किल बने रहे। मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को बिहार के 38 जिलों में कोहरा और कोल्ड डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि 5 जनवरी तक ठंड से राहत की कोई संभावना नहीं है और कई जिलों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

जनवरी माह के लिए जारी पूर्वानुमान में पश्चिमी और पूर्वी चंपारण से लेकर गया, औरंगाबाद, नवादा और जहानाबाद तक शीतलहर बने रहने की आशंका जताई गई है। पटना में सुबह के समय घना कोहरा यातायात को प्रभावित कर रहा है। दिन में हल्की धूप निकल सकती है, लेकिन ठंडी हवा के चलते ठंड का असर बना रहेगा। बीते दिनों राज्य में 6 दिन भीषण कोल्ड डे और 11 दिन कोल्ड डे दर्ज किए गए हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। फिलहाल मौसम के तेवर नरम पड़ते नहीं दिख रहे हैं।

Share This Article