तेजप्रताप ने दिया नीतीश के मंत्री को ‘दही-चूड़ा भोज’ का न्योता, क्या भाई तेजस्वी को भी बुलाएंगे?

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार की राजनीति में मकर संक्रांति के अवसर पर ‘चूड़ा-दही भोज’ का एक विशेष महत्व रहा है। इस बार यह परंपरा एक नए और दिलचस्प मोड़ पर खड़ी है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव इस साल पहली बार परिवार और पार्टी से अलग अपने स्तर पर भव्य चूड़ा-दही भोज का आयोजन करने जा रहे हैं।

दीपक प्रकाश और उपेंद्र कुशवाहा के घर पहुँचे तेज प्रताप
तेज प्रताप यादव इन दिनों खुद घर-घर जाकर नेताओं को आमंत्रण पत्र सौंप रहे हैं। इसी क्रम में वे पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के आवास पहुंचे। वहां उन्होंने बिहार सरकार के नवनियुक्त मंत्री और उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश से मुलाकात की और उन्हें 14 जनवरी को आयोजित होने वाले भोज के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया। तेज प्रताप ने दीपक प्रकाश से गर्मजोशी से मुलाकात की और भोज में शामिल होने का विशेष आग्रह किया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सीएम नीतीश और तेजस्वी को भी आमंत्रण
तेज प्रताप यादव ने स्पष्ट किया है कि यह आयोजन उनकी नई पार्टी ‘जनशक्ति जनता दल’ की ओर से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस भोज के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्यपाल, दोनों उप-मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को भी निमंत्रण कार्ड भेजा जाएगा। तेज प्रताप ने कहा कि यह पूरी तरह से एक सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजन है, जिसका उद्देश्य बिहार की परंपरा को आगे बढ़ाना है।

बदलते सियासी समीकरणों की आहट?
लालू परिवार से दूरी और एनडीए के नेताओं से तेज प्रताप की बढ़ती नजदीकी ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। जानकारों का मानना है कि परिवार से अलग होकर इस तरह का बड़ा आयोजन करना तेजस्वी यादव के साथ उनके वैचारिक मतभेदों को सार्वजनिक रूप से पुख्ता करता है। भाजपा और अन्य घटक दलों के नेताओं के साथ उनकी सक्रियता बिहार में किसी नए गठबंधन या समीकरण की ओर इशारा कर रही है।

14 जनवरी को होने वाले इस आयोजन में बिहार के पारंपरिक व्यंजन जैसे चूड़ा, दही, गुड़ और गया का मशहूर तिलकुट परोसा जाएगा। तेज प्रताप ने कहा कि बिहार की जनता के लिए उनके दरवाजे हमेशा खुले हैं और इस भोज में पूरे प्रदेश से लोग शामिल हो सकते हैं।

Share This Article