सिटी पोस्ट लाइव
बिहार की राजनीति में चुनावी समीकरण लगातार बदल रहे हैं और इसी बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर तीखा हमला बोला है। अपनी चार दिवसीय सीमांचल न्याय यात्रा के तहत किशनगंज पहुंचे ओवैसी ने एक प्रेस वार्ता में बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि उन्होंने भाजपा के खिलाफ लड़ने के लिए राजद से सिर्फ 6 सीटों की मांग की थी, लेकिन उनकी तरफ से अब तक कोई जवाब नहीं आया है।
ओवैसी मंगलवार शाम किशनगंज पहुंचे और बुधवार को उनके 9 अलग-अलग कार्यक्रम निर्धारित हैं। इसी क्रम में उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने राजद के सामने गठबंधन का प्रस्ताव रखा था, ताकि मिलकर भाजपा का मुकाबला किया जा सके, लेकिन राजद ने उनके इस प्रस्ताव पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। ओवैसी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और विपक्षी दल मिलकर भाजपा को टक्कर देने की रणनीति बना रहे हैं।
रुईधासा, किशनगंज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने खुद को ‘वोट कटवा’ कहने वाले आरोपों का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा, “मेरे भाई, एआईएमआईएम की वजह से वोट नहीं कटता, तुम्हारा वोटर जाके मोदी की गोद में बैठ गया है इसलिए वोट कट जाता है। मैंने आज तक कभी भाजपा का साथ नहीं दिया।” उन्होंने तीन तलाक जैसे मुद्दों पर भी भाजपा का विरोध करने की बात दोहराई।
ओवैसी ने अपनी हैदराबाद से आने की बात पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “हां, मैं हैदराबाद से आया हूं, चांद से नहीं आया हूं। जो हरियाणा से आकर बिहार में सांसद बन जाता है, उससे तुम्हारे पेट में दर्द नहीं होता, लेकिन मुझसे होता है। जब तक जिंदा हूं, सीमांचल आता रहूंगा।” इस बयान से उन्होंने बाहरी नेता होने के आरोपों को खारिज करने की कोशिश की।
उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा धर्मनिरपेक्षता और संविधान को खत्म करना चाहती है। उन्होंने किसान का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह एक किसान बीज बोकर आसमान की तरफ देखता है, उसी तरह वह भी ऊपर वाले से उम्मीद करते हैं कि सीमांचल का नेतृत्व यहीं रहेगा। इस मौके पर एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने कहा कि यह सीमांचल के लिए गर्व की बात है कि ओवैसी यहां की बदहाली पर बात करने आए हैं और वह चार दिनों तक दर्जनों सभाएं करेंगे।